

Nagpur Pardi Crime News: नागपुर जिले में बेलतरोड़ी थानांतर्गत लूट के आरोपी की पिटाई के बाद हुई मौत का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि पारडी थाना क्षेत्र में मॉब लिंचिंग की घटना हो गई। परिसर में रहने वाली बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाले एक नराधम को लोगों ने पकड़ लिया।
बताया जाता है कि भीड़ में शामिल 8 से 10 लोगों ने उसके साथ जमकर मारपीट की। पुलिस मौके पर पहुंची और जख्मी हालत में उसे मेयो अस्पताल में भर्ती किया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने यहां भी आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है लेकिन भीड़ का शिकार हुए नराधम की मौत ने शहर की कानून-व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
मृतक शिवनगर, पारडी निवासी नारायणदास मनमोहनदास वैष्णव (35) बताया गया। वह मूलतः भिलाई का रहने वाला था और नौकरी के लिए नागपुर आया था। पुलिस ने 9 वर्षीय पीड़ित बालिका के पिता की शिकायत पर नारायणदास के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, परिसर में मस्कर्या गणपति का पंडाल लगा था। सोमवार की रात वहां कार्यक्रम चल रहा वा और पीड़ित बालिका भी बच्चों के साथ खेल रही थी। पास रहने वाले नारायणदास ने उसे बताया कि 'तुम्हारी मम्मी ने कुछ देर घर में रुकने को कहा है।
बच्ची उसकी बातों में आ गई और वह उसे अपने घर ले गया। वहां उसने बच्ची के साथ अश्लील हरकतें कीं, बच्ची ने उसके हाथ पर काटा और घर से भाग निकली। की उसने अपनी मां को नारायणदास हरकत के बारे में बताया। वैसे भी पंडाल के पास कई लोग पहले से मौजूद थे। घटना की जानकारी परिसर में फैल गई।
देखते ही देखते 70 से 80 लोग जमा हो गए। कुछ लोगों ने नारायणदास को घर से बाहर निकाला। उस पर लातों-घूसों की बरसात होने लगी। बच्ची से दुष्कर्म होने के कारण परिसर के नागरिक आगबबूला थे। नारायणदास को बुरी तरह मारा जा रहा था।
इसी बीच पीड़ित बच्ची के पिता पारडी थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। यह भी बताया कि नारायणदास को लोग मार रहे है। खबर मिलते ही पारडी पुलिस मौके पर पहुंची, वहां भीड़ देख अतिरिक्त स्टाफ बुलाया गया।
नारायणदास जख्मी अवस्था में जमीन पर पड़ा था। पूछने पर उसने भीड़ में शामिल 8 से 10 लोगों द्वारा मारपीट करने की जानकारी दी लेकिन उस समय मारपीट करने वाले वहां मौजूद नहीं थे, जख्मी होने के कारण उसे उपबार के लिए मेयों अस्पताल में भर्ती किया गया।
पिता की शिकायत पर नारायणदास के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पोक्सो एक्ट की विविध धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। वहीं अस्पताल में उसका बयान दर्ज किया गया।
हेडकांस्टेबल की शिकायत पर उसके साथ मारपीट करने वाले 8 से 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया, मंगलवार की दोपहर 2.30 बजे के दौरान नारायणदास ने दम तोड़ दिया। थानेदार नंदा मनगटे ने बताया कि मारपीट के बाद नारायणदास को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया था।