

Highlights:
नागपुर के चिटणवीस सेंटर में 8वें ऑरेंज सिटी लिटरेचर फेस्टिवल (ओसीएलएफ-26) का भव्य शुभारंभ हुआ।
अभिनेत्री और सांसद हेमा मालिनी ने अपनी पुस्तक 'द ड्रीम गर्ल्स ड्रीम रन' के जरिए फिल्मी सफर और जीवन के यादगार अनुभव साझा किए।
फिल्म निर्देशक, निर्माता और अभिनेता नागेश कुकुनूर ने शब्दों की ताकत और पढ़ने की संस्कृति को प्राथमिकता देने की बात कही।
Orange City Literature Festival 2026: ऑरेंज सिटी लिटरेचर फेस्टिवल (ओसीएलएफ-26) के 8वें संस्करण का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को अभिनेत्री पद्मश्री हेमा मालिनी ने चिटणवीस सेंटर में करते हुए कहा कि इससे पहले भी उन्हें पुस्तक महोत्सवों में शामिल होने के निमंत्रण मिले थे लेकिन इस बार पहली बार उन्हें इसमें सहभागी बनने का अवसर मिला है। एक कलाकार के रूप में उनका हमेशा से अच्छी कहानी पर विश्वास रहा है।
उन्होंने अपनी पुस्तक 'द ड्रीम गर्ल्स ड्रीम रन' के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए अपने फिल्मी सफर और उन पर फिल्माए गए गीतों के सिनेमाई अनुभव साझा किए। उन्होंने इस यात्रा का श्रेय फिल्म निर्देशकों, तकनीशियनों और गीतकारों को देते हुए स्वयं को भाग्यशाली बताया। इस अवसर पर प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक, निर्माता, पटकथा लेखक एवं अभिनेता नागेश कुकुनूर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
साहित्य, सिनेमा और संस्कृति के संगम से सजे इस समारोह में साहित्य प्रेमियों और कला जगत से जुड़े लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में रायसोनी एजुकेशन एवं रायसोनी फाउंडेशन के अध्यक्ष सुनील रायसोनी, शिक्षाविद एवं ओसीएलएफ के संरक्षक सदस्य डॉ. पवन सिन्हा, एटलस स्किलटेक यूनिवर्सिटी के कुलगुरु व आयोजन समिति के सदस्य डॉ. राजन वेलुकर, ओसीएलएफ आयोजन मंडल के सदस्य आशुतोष शेवालकर तथा ओसीएलएफ सदस्य एवं सोहम की अध्यक्ष वर्षा मनोहर की प्रमुख रूप से उपस्थिति रही। शोभा रायसोनी, रायसोनी ग्रुप के कार्यकारी निदेशक श्रेयस रायसोनी और रायसोनी एजुकेशन की संचालक पलक रायसोनी भी प्रमुखता से मौजूद रहीं।
इस अवसर पर नागेश ने लेखक के रूप में ओसीएलएफ का हिस्सा बनने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उन्हें शब्दों की ताकत पर पूरा विश्वास है। आपसी संवाद। और पढ़ने की संस्कृति को हमेशा प्राथमिकता मिलनी चाहिए। कार्यक्रम की शुरुआत प्रियंका अभ्यंकर के संस्कार कथक केंद्र की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत कथक नृत्य से हुई। इसके बाद डॉ. राजन वेलुकर ने स्वागत भाषण दिया, जबकि ओसीएलएफ की निदेशक डॉ. मृणाल नाईक ने प्रास्ताविक रखा।
समारोह में डॉ. राधाकृष्णन पिल्लई को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनकी पत्नी सुरेखा पिल्लई एवं अन्य गणमान्य अतिथियों के हाथों डॉ. पिल्लई की पुस्तक 'अर्थशास्त्र नेतृत्व की कला' का विमोचन किया गया। इसके साथ ही बहार दत्त की पुस्तक 'क्रायसैलिस' का भी लोकार्पण हुआ। कार्यक्रम का संचालन श्वेता शेलगांवकर ने किया, जबकि पलक रायसोनी ने आभार माना। आगामी 2 दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में साहित्यिक चर्चाएं, पुस्तक विमोचन, लेखकों से संवाद और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों ने नागरिकों से बड़ी संख्या में शामिल होकर महोत्सव का लाभ लेने की अपील की है।
माने 1 ने पुराने दौर के संगीत को याद करते हुए कहा कि उस समय के संगीतकार बहुत कम वाद्ययंत्रों के इस्तेमाल से भी बेहतरीन संगीत तैयार करते थे। उन्होंने संगीत के स्वर्णिम दौर को याद करते हुए स्वर कोकिला लता मंगेशकर और आशा भोसले का भी स्मरण किया। उन्होंने बताया कि इस पुस्तक में उनके जीवन की कई अनमोल यादों को संजोया गया है। इस पुस्तक का लेखन उन्होंने सहलेखक अनिरुद्ध चावला के साथ किया है।
उद्घाटन सत्र के बाद अनिरुद्ध चावला ने पद्मश्री हेमा मालिनी से रोचक संवाद किया। इस दौरान उनके पढ़ने के शौक, फिल्मी सफर से जुड़ी कई जानी-अनजानी बातें और धर्मेंद्र के साथ बिताए जीवन के यादगार पलों पर चर्चा हुई। बातचीत के दौरान हेमा मालिनी ने अपने जीवन और सिनेमा से जुड़ी कई यादें साझा की। इसके बाद कुकुनूर ने 'वॉइसेस ऑफ रेजिलिएंस क्राफ्टिंग अनफॉरगेटेबल कैरेक्टर्स' विषय पर जंप की संस्थापक निहारिका के साथ संवाद किया, इसमें उन्होंने अपने रचनात्मक सफर, फिल्म निर्माण की प्रक्रिया और अपने अनुभवों पर विचार साझा किए।
ट्रंप, पुतिन, जिनपिंग की मुलाकात के फोटो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स में शेयर कर राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए ट्विट किया है। इस पर भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हमारे देश को नीचा दिखाने का काम कर रहे हैं। वे हमेशा देश और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कमतर दिखाने वाली बातें करते हैं। उनकी यह भूमिका देश की पूरी जनता जानती है। वे एक लिटरेचर फेस्टिवल में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने नागपुर आई थीं। पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने उक्त बातें कहीं।
सोनिया गांधी की पुस्तक के संदर्भ सवालों पर उन्होंने कहा कि मैंने उनकी पुस्तक नहीं पढ़ी है, इसलिए इस बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। इस विषय पर मैं कोई टिप्पणी भी नहीं करना चाहूंगी। श्रीकृष्ण जन्मभूमि से संबंधित सवाल पर उन्होंने कहा कि मथुरा में 50 वरिष्ठ नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा में आयोजित यह बैठक अच्छी रही। इसमें विचारों का आदान-प्रदान हुआ और आगामी चुनाव में किस तरह भागीदारी करनी है, इस पर चर्चा हुई। मुझे भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त है। उनके आशीर्वाद से उत्तर प्रदेश में तीसरी बार फिर मोदी सरकार बनेगी।