

Highlights:
नागपुर में शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का लालच देकर 55 वर्षीय व्यक्ति से 1,21,50,000 रुपए की साइबर ठगी की गई।
ठगों ने खुद को मोतीलाल ओसवाल कंपनी का प्रतिनिधि बताकर VIPMS नामक फर्जी ट्रेडिंग एप डाउनलोड कराया।
22 अक्टूबर से 18 नवंबर 2026 के बीच अलग-अलग बैंक खातों में निवेश के नाम पर रकम जमा कराई गई।
Mankapur Land Fraud: शेयर बाजार में निवेश पर बड़ा रिटर्न दिलाने का लालच देकर साइबर ठगों ने 55 वर्षीय व्यक्ति को 1,21,50,000 रुपए का चूना लगा दिया। फर्जी ट्रेडिंग एप पर निवेश की रकम और उस पर होने वाले मुनाफे को बढ़ता हुआ दिखाकर आरोपियों ने शिकायतकर्ता का विश्वास जीत लिया। जानकारी के अनुसार, 22 अक्टूबर से 18 नवंबर 2026 के बीच आरोपियों ने वाट्सएप के माध्यम से शिकायतकर्ता विकास राजपूत (बदला हुआ नाम) से संपर्क किया।
इनमें से लीला कपूर नामक व्यक्ति ने खुद को मोतीलाल ओसवाल कंपनी का प्रतिनिधि बताया। उसने शेयर बाजार में निवेश करने पर बड़ा मुनाफा मिलने की बात कहकर विकास को निवेश के लिए प्रेरित किया। इसके बाद आरोपियों ने एक लिंक भेजकर 'वीआईपीएमएस' नामक एप डाउनलोड करने के लिए कहा।
इस एप पर निवेश की स्कम और उस पर होने वाला मुनाफा लगातार बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा था। इससे अधिक रिटर्न मिलने की उम्मीद में विकास ने आरोपियों द्वारा बताए गए विभिन्न बैंक खातों में चरणबद्ध तरीके से पैसे जमा किए।
इस तरह उन्होंने कुल 1,21,50,000 रुपए निवेश कर दिए। एप पर बड़ी रकम जमा होती दिखाई देने के बावजूद जब वास्तव में पैसे निकालने की बारी आई तो आरोपियों ने अड़चने पैदा करना शुरू कर दिया, बार-बार प्रयास करने के बावजूद स्कम नहीं मिलने पर विकास को अपने साथ हुई घोखाधड़ी का एहसास हुआ। उन्होंने साइबर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
दूसरी धोखाधड़ी की घटना में मानकापुर क्षेत्र में जमीन की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है जिसमें एक ही प्लॉट को 2 अलग-अलग लोगों को बेचने, फर्जी दस्तावेजों के जरिए प्लॉट नंबर बदलने और मकान तोड़कर 20 लाख रुपए की मांग करने का आरोप लगाया गया है।
मानकापुर पुलिस ने 7 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जाली दस्तावेज तैयार करने और जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। आरोपियो में दीपक दुबे, रश्मि जोशी, राज साखरे, कुडूस शेख, इंदर शाहू, सुषमा शाहू और राज सुरेश खरे शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, स्वामीनगर, मानकापुर निवासी नीलेश निलाजी कावले (50) ने पुलिस को जानकारी दी कि उन्होंने वर्ष 2002 में मौजा गोरेवाडा स्थित नेताजी को-ऑपरेटिव्ह सोसाइटी में खसरा नंबर 30/2 और 31/2 के प्लॉट नंबर 3 को दीपक विठ्ठलप्रसाद दुबे से किस्तों में खरीदा था। वर्ष 2007 में पूरी रकम चुकाने के बाद उनके पक्ष में पावर ऑफ अटॉनी बनाई गई।
इसके बाद मार्च 2022 में उनकी पत्नी रेखा कावले के नाम पर प्लॉट की रजिस्ट्री भी कराई गई। लेकिन अक्टूबर 2022 में कुछ लोग उनके घर पहुंचे और दावा किया कि यही प्लॉट सुषमा इंदर शाहू को बेचा जा चुका है। इस दौरान विवाद करते हुए मकान तोड़ने का भी आरोप लगाया।
कावले ने बताया कि सोसाइटी की एक एकड़ जमीन में मूल रूप से केवल 24 प्लॉट थे लेकिन कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर 159 प्लॉट का नक्शा मंजूर दिखाया गया। इतना ही नहीं, मूल प्लॉट नंबर 3 को बदलकर 27 कर दिया गया। इसी कथित हेराफेरी के जरिए एक ही भूखंड पर 2 लोगों का दावा खड़ा कर दिया गया।
उन्होंने पुलिस को बताया कि 29 सितंबर 2024 की रात करीब 8.30 बजे आरोपी उनके घर के पास पहुंचे। उन्होंने 31 अक्टूबर तक मकान खाली करने अथवा बाजार भाव के अनुसार 20 लाख रुपए मांगे, ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। कावले की शिकायत पर 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।