नागपुर मनपा के 75 साल: शहर को मिलेंगे 75 नए गार्डन और 75 खेल मैदान; नितिन गडकरी ने तैयार की बड़ी योजना
Nitin Gadkari Nagpur: नागपुर को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए नितिन गडकरी का '8 दिन' का अल्टीमेटम! इंजीनियरिंग छात्र करेंगे जमीनों का सर्वे। जानें फूड मॉल और 2400 करोड़ के नदी प्रोजेक्ट का पूरा प्लान।
- Written By: प्रिया जैस
नितिन गडकरी नागपुर बैठक (सौजन्य-नवभारत)
Nagpur Encroachment Free Mission: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने महानगरपालिका और प्रन्यास के अधिकारियों को शहर के फुटपाथों और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के सख्त निर्देश दिए। रविवार को उनके आवास पर शहर के विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
उन्होंने अधिकारियों से 8 दिनों के भीतर अतिक्रमण पर कार्रवाई की रिपोर्ट पेश करने का निर्देश भी अधिकारियों को दिया। बैठक में पालक मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, महापौर नीता ठाकरे, राज्यसभा सदस्य माया इवनाते, विधायक कृष्णा खोपड़े, उपमहापौर लीला हाथीबेड, स्थायी समिति अध्यक्ष शिवानी दाणी, सत्तापक्ष नेता बाल्या बोरकर और मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर सहित कई अन्य प्रमुख जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
इंजीनियरिंग छात्रों से कराया जाएगा स्वतंत्र सर्वेक्षण
गडकरी ने निर्देश दिया कि शहर में अतिक्रमित जमीनों का विस्तृत सर्वेक्षण किया जाए ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन जमीनों की लीज किसके पास है, ये किसके कब्जे में हैं और इनका आरक्षण क्या है। मनपा और प्रन्यास द्वारा किए गए सर्वेक्षण की सत्यता को परखने के लिए उन्होंने इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों के माध्यम से एक स्वतंत्र सर्वेक्षण कराने का भी अभिनव सुझाव दिया। इस सर्वेक्षण के आधार पर ही खाली जगहों को खेल के मैदानों और उद्यानों के लिए विकसित किया जाएगा।
सम्बंधित ख़बरें
अमरावती में 25.81 लाख मतदाताओं का होगा घर-घर सत्यापन, विशेष पुनरीक्षण अभियान के लिए निर्वाचन विभाग तैयार
अवैध रेत तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गोबरवाही पुलिस ने रेत से भरा ट्रैक्टर किया जब्त
एसटी की ‘जहां चाहें वहां यात्रा’ योजना बनी यात्रियों की पसंद, भंडारा में 291 यात्रियों ने उठाया लाभ
खरीफ सीजन के लिए अकोला में कपास बीजों की बिक्री शुरू, किसानों के लिए उपलब्ध कराए गए 2.76 लाख बीज पैकेट
ट्रैफिक जाम से मिलेगी मुक्ति : बनेंगे फूड मॉल और हॉकर जोन
सड़कों पर लगने वाले बाजारों के कारण होने वाली ट्रैफिक समस्या और नागरिकों की परेशानी पर चिंता जताते हुए केंद्रीय मंत्री गडकरी ने खाली जमीनों का उपयोग करने का निर्देश दिया। उन्होंने मनपा, प्रन्यास और नजूल की जमीनों को मिलाकर सब्जी और मटन मार्केट, फूड मॉल और हॉकर जोन विकसित करने के लिए विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने को कहा। साथ ही आम जनता की सुविधा के लिए उन्होंने निर्देश दिया कि जो लेआउट मनपा को हस्तांतरित हो चुके हैं, उनकी एनओसी के लिए दोबारा नासुप्र के पास जाने की आवश्यकता खत्म की जाए।
नदियों के लिए 2400 करोड़, गुणवत्ता से समझौता नहीं
नाग नदी और पोहरा नदी को प्रदूषण मुक्त करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा 2400 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। नितिन गडकरी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस निधि का सही उपयोग सुनिश्चित करने के लिए एक बेहतरीन डीपीआर (DPR) तैयार करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य की तकनीकी व वित्तीय योग्यताओं के साथ कोई समझौता नहीं होना चाहिए और कार्य उच्च गुणवत्ता का होना चाहिए।
यह भी पढ़ें – जय पवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस से किसने रोका? रोहित के सनसनीखेज आरोपों का तटकरे ने दिया जवाब, गरमाई सियासत
40% पानी लीकेज पर लगाई फटकार
शहर में 24 घंटे जलापूर्ति की योजना पूरी न होने पर गडकरी ने ओसीडब्ल्यू के अधिकारियों से कड़े सवाल किए। पेंच और कन्हान से पर्याप्त पानी मिलने के बावजूद 40% पानी के लीकेज पर उन्होंने नाराजगी जताई और पूछा कि अब तक इस रिसाव को रोकने के लिए ठोस उपाय क्यों नहीं किए गए।
अमृत महोत्सव : बनेंगे 75 उद्यान और 75 खेल मैदान
नागपुर महानगरपालिका की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में गडकरी ने शहर में 75 नए उद्यान और 75 खेल मैदान विकसित करने की योजना बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों का जिस खेल की ओर झुकाव हो, उसी के अनुसार मैदान विकसित किए जाएं जिसके लिए मनपा स्तर पर एक विशेष समिति गठित की जानी चाहिए। इसके अलावा बैठक में 200 अन्य मैदानों के विकास, शहर को झोपड़पट्टी मुक्त बनाने (बांग्लादेश पैटर्न), अमृत 1 व 2 योजनाओं और दलित बस्ती में चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई।
