नागपुर के बुजुर्गों को गणेशोत्सव पर नितिन गडकरी का तोहफा, तीर्थयात्रा के लिए भेंट की नई ई-बस

Nagpur Senior Citizen E-Bus: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर के बुजुर्गों की तीर्थयात्रा के लिए अत्याधुनिक ई-बस सौंपी है। पिछले 7 वर्षों में 4 लाख वरिष्ठ नागरिक मुफ्त सफर कर चुके हैं।
Ashok Leyland Switch Mobility Bus
नितिन गडकरी वरिष्ठ नागरिकों की सेवा के लिए ई-बस उपलब्ध कराई सोर्स- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Ashok Leyland Switch Mobility Bus: गणेशोत्सव के पावन अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर के वरिष्ठ नागरिकों की सेवा और तीर्थयात्रा के लिए एक और अत्याधुनिक ई-बस उपलब्ध कराई है। महल स्थित गडकरी वाड़ा में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान यह बस वरिष्ठ नागरिक प्रतिष्ठान को सौंपी गई।

इस दौरान विधायक राजीव पोतदार, अशोक लेलैंड के प्रबंध निदेशक शेणू अग्रवाल, उपाध्यक्ष यशपाल सच्चर, भंडारा प्लांट हेड राजेंद्र चंद्रशेखर टी. उमेश्वर राव, रौनक श्रीवास्तव, प्रीतेष चांडक, प्रतिष्ठान के सचिव डॉ. राजू मिश्रा, कोषाध्यक्ष अशोक मानकर, ट्रस्टी प्रभाकर येवले, सुनील अग्रवाल, अविनाश घुशे और सोनाली घोडमारे सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

गडकरी ने कहा कि बुजुर्गों के जीवन में खुशियां लाना ही मुख्य उद्देश्य

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में खुशियाँ लाना, उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखना और उन्हें सामाजिक गतिविधियों से जोड़ना ही इस पूरी व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य है।

उन्होंने बताया कि वरिष्ठ नागरिक प्रतिष्ठान लगातार बुजुर्गों के लिए स्वास्थ्य शिविरों, सांस्कृतिक आयोजनों और धार्मिक तीर्थयात्राओं का आयोजन करता आ रहा है, जिससे उन्हें समाज में एक सक्रिय और सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिलता है।

अशोक लेलैंड के CSR फंड से मिली स्विच मोबिलिटी ई-बस

यह नई इलेक्ट्रिक बस अशोक लेलैंड कंपनी के कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) फंड के माध्यम से 'स्विच मोबिलिटी' ब्रांड की उपलब्ध कराई गई है। बस की मुख्य विशेषताएँ और सुविधाएँ इस प्रकार हैं:

  • सीटिंग क्षमता: इसमें एक साथ 45 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है।

  • शानदार माइलेज: यह बस एक बार फुल चार्ज होने पर 340 किलोमीटर तक का सफर तय कर सकती है।

  • आरामदायक सफर: लंबी दूरी की धार्मिक यात्राओं को ध्यान में रखते हुए इसमें एयर कंडीशनिंग (AC) और आरामदायक पुशबैक सीटें दी गई हैं।

Ashok Leyland Switch Mobility Bus
कछुआ मेरी प्रेरणा है, चाल नहीं, UPI विवाद को लेकर आलोचकों को CM देवेंद्र फडणवीस का करारा जवाब

7 वर्षों में नागपुर के 4 लाख बुजुर्गों ने किया निःशुल्क सफर

इस नई बस के शामिल होने के साथ ही वरिष्ठ नागरिक प्रतिष्ठान के बेड़े में अब कुल 5 ई-बसें हो गई हैं। प्रतिष्ठान की इस निःशुल्क बस सेवा के ज़रिए पिछले 7 वर्षों में नागपुर जिला के करीब 4 लाख वरिष्ठ नागरिक बिना किसी शुल्क के विभिन्न धार्मिक व दर्शनीय स्थलों की यात्रा कर चुके हैं। नई बस आने से अब और अधिक बुजुर्गों को सुरक्षित और आरामदायक यात्रा की सुविधा मिल सकेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com