नागपुर को मिला 8.9 KM लंबा हेडगेवार फ्लाईओवर, CM फडणवीस और नितिन गडकरी ने किया भव्य लोकार्पण

Nagpur New Flyover: नागपुर में इंदौरा से दिघोरी चौक तक निर्मित 8.9 किमी लंबे फ्लाईओवर का लोकार्पण हुआ। सीएम फडणवीस और नितिन गडकरी ने इसका नाम डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार उड़ानपुल रखा।
Dr Keshav Baliram Hedgewar Flyover
नितिन गडकरी, देवेंद्र फडणवीस, चंद्रशेखर बावनकुलेसोर्स- सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Dr Keshav Baliram Hedgewar Flyover: नागपुर शहर में इंदौरा चौक से दिघारी चौक तक निर्मित 8.9 किमी लंबे उड़ानपुल के लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि नागपुर को अंतरराष्ट्रीय शहर बनाने का सुअवसर देने वाली यहां की जनता का हम विकास के रूप में ऋण चुका रहे हैं।

रेशिमबाग स्थित भट सभागृह में आयोजित समारोह में उन्होंने इस पुल का नाम 'डा। केशव बलीरामपंत हेडगेवार उड़ानपुल' रखने की घोषणा की। पुल का लोकार्पण उनके व केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी के हाथों हुआ।

सीएम ने कहा कि केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी की संकल्पना से उत्तर व दक्षिण नागपुर को जोड़ने वाला यह उड़ानपुल नहीं बल्कि हवाई रास्ता है। यह पुल आधुनिक तकनीक का उत्तम उदाहरण है। पुल को जो नाम दिया गया है वह सच्चे अर्थ में डॉ. हेडगेवार को आदरांजलि है।

डॉ. हेडगेवार, राजा बख्त बुलंद शाह, राजा भोसले जैसी महान हस्तियों से नागपुर की पहचान है। संघ के शताब्दी वर्ष में डॉ. हेडगेवार नाम देना, यह समर्पण की भावना है। उन्होंने कहा कि मैं नागपुरवासियों की ओर से गडकरी का आभार मानता हूं कि उन्होंने एक अनोखा पुल उपहार में दिया है।

नागपुर सिटी में ही लगभग 35 फ्लाईओवर बन चुके

इसे साकार करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस पुल से 40-45 मिनट समय, ईंधन बचेगा। सिटी में ही लगभग 35 फ्लाईओवर बन चुके हैं और 15 अन्य प्रस्तावित हैं जो ट्रैफिक समस्या के हल के लिए वरदान साबित होंगे।

इस अवसर पर राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले, सांसद माया इवनाते, विधायक प्रवीण दटके, मोहन मते, कृष्णा खोपड़े, संजय भेंडे, राजीव पोतदार, महापौर नीता ठाकरे, बाल्या बोरकर, शिवानी दानी, अजय संचेती, विकास महात्मे, गेव आवारी, सुधाकर देशमुख, विकास कुंभारे, मिलिंद माने, दयाशंकर तिवारी सहित बड़ी संख्या में नगरसेवक, पदाधिकारी व भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

मोहन मते ने कहा भाजपा नेता झूठ नहीं बोलते

दक्षिण नागपुर के विधायक मोहन मते ने कहा कि दक्षिण नागपुर फ्लाईओवर से यातायात की समस्या हल हो जाएगी लेकिन यह इलाका अभी भी मेट्रो से वंचित है। केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से संपर्क किया है।

विश्वास है कि भाजपा नेता झूठ नहीं बोल रहे हैं। एनआईटी की गलत नीति के कारण अनधिकृत लेआउट बनाए गए। परिणामस्वरूप कई क्षेत्रों में यातायात जाम की समस्या उत्पन्न हुई है। इस कारण 2-3 और पुलों के निर्माण की भी मांग की है। वहीं विधायक प्रवीण दटके ने मारवाड़ी चौक से गोलिबार चौक और सतरंजीपुरा से मायो अस्पताल तक फ्लाईओवर बनाने की मांग की।

फडणवीस ने कटाक्ष में कहा कि हमारे पास काम करने वाले नेता

मुख्यमंत्री फडणवीस ने कटाक्ष में कहा कि मते जब बोल रहे थे तब ऐसा लग रहा था मानो उन्हें हम पर भरोसा हो या न हो, असल में सभी को हम पर भरोसा है।

मुख्यमंत्री ने उनकी मांगों को पूरा करने और विश्वास बनाए रखने का वादा करते हुए कहा कि अगर कृष्णा खोपड़े को मौका दिया जाता तो वे कई मांगें रखते। हमारे पास ऐसे नेता हैं जो मांगें रखते हैं और काम भी करते हैं।

CM देवेंद्र फडणवीस ने कहा गड्ढे की समस्या लगभग खत्म

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि आधुनिक शहर के रूप में नागपुर की ओर देखा जाता है। सस्टेनेबल सिटी के रूप में नागपुर को विकसित करने का प्रयत्न हम कर रहे हैं। नाग नदी प्रकल्प उसमें एक है। पर्यावरणपूरक प्रोजेक्ट्स हैं। मेट्रो के तीसरे व चौथे चरण में अन्य क्षेत्र भी जोड़े जाएंगे।

उन्होंने कहा कि सिटी में गड्ढे की समस्या लगभग खत्म हुई है। 4 चरण के सीमेंट रास्ते पूरे हो गये है। 5वें चरण का कार्य होना है। उसके बाद गड्ढे की समस्य भी खत्म होगी। आउटर रिंग रोड से ट्रैफिक से राहत मिली है और अब उसके भी बाहर रिंग रोड तैयार किया जा रहा है।

नागपुर सिटी के विस्तार के साथ ही बड़े पैमाने पर निवेश भी आ रहा है। 2000 एकड़ में नया नागपुर तैयार किया जा रहा है, जो रोजगार को केन्द्रत कर हो रहा है। भूमि अधिग्रहण भी शुरू है। यह देश का आधुनिक नागपुर होगा। हाईपेड जाब्स निर्माण का प्रयास है।

मानकापुर में अत्याधुनिक क्रीड़ा संकुल तैयार कर रहे हैं। मेडिकल में स्वास्थ सुविधाएं, झोपड़पट्टी में पट्टा वितरण, सभी वर्ग का विचार गडकरी के नेतृत्व में कर रहे हैं। जनता के आशीर्वाद से सब करने का प्रयास कर रहे हैं

मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कोई नाम नहीं बदला गया

उड़ानपुल का डॉ. हेडगेवार नामकरण के विरोध को देखते हुए केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने साफ किया कि इंदौरा से गोलीबार चौक रोड का नाम पहले से ही डॉ. बाबासाहब आंबेडकर के नाम से है। यह आगे भी वही रहेगा। केवल इस मार्ग पर बनाये गए पुल का नाम डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार रखा गया है। मतलब सड़क का नाम नहीं बदला गया है।

इसी तरह अशोक चौक व मंदेशा आवारी चौक का नाम भी वही रहेगा। गडकरी ने कहा कि मुझे खुशी है कि इस उड़ान पुल का नाम डॉ.हेडगेवार देने का सौभाग्य हमे मिला है। संघ से अच्छा संस्कार व मार्गदर्शन मिला। हेडगेवार मेरे प्रेरणास्रोत हैं। इसमें करीब 1000 करोड़ खर्च हुआ।

यूएचपीएफआरसी तकनीक से यह बना है। यह तकनीक मलेशिया से आई। इससे सक्करदरा चौक से दिघोरी चौक तक कालम की संख्या कम हुई। इससे लोगों के समय की बचत होगी। बाजार परिसरों के जाम से मुक्ति मिलेगी। अब 2 रेलवे अंडरपास का काम भी होगा। अशोक चौक पर 5 रास्ते जाते हैं। संविधान के 26 चित्र लगे है। लाइटिंग अच्छी की है। अशोक स्तंभ स्थापित किया है।

नागपुर की जनता का काम है। वे इसे अच्छा रखें, गंदा न करें, यह अब जनता का है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में 500 करोड़ से एक स्टेडियम तैयार करेंगे, लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल मैदान, शुद्ध हवा, सड़क चाहिए, लंदन स्ट्रीट पर 10 वर्ष तक आयु के बच्चों व बुजुगों के लिए सेपरेट गार्डन बनाने का सपना है, पुराना भंडारा रोड की अडचन का भी जिक्र उन्होंने किया। उन्होंने कहा कि पुराना भंडारा रोड के लिए बाजार भाव से कीमतें दी है। किसी का अहित नहीं किया लेकिन अड़चने आ रही है। कोर्ट में लोग गए हैं। हमें नागपुर को इंटरनेशनल सिटी बनाना है। अगला चुनाव आने के पहले 1 लाख और लोगों को रोजगार देंगे।

Dr Keshav Baliram Hedgewar Flyover
महाराष्ट्र में सूखे पर राजनीति बंद करे विपक्ष, किसानों को मिलेगी सीधी मदद, नागपुर में बोले CM फडणवीस

राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि सर्वाधिक लाभ मुझे

राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि यह पुल नागपुर की रक्तवाहिनी है जिसे गडकरी ने दिया है। उनका आभार मानता हूं। मुझे इस पुल से सर्वाधिक लाभ मिला है। कोराडी से दिघोरी आने में 1.40 घंटे लगते हैं। अब 18 मिनट में पहुंच सकता हूं, मेरे क्षेत्र के हजारों नागरिकों को इसका लाभ मिलेगा।

हुडकेश्वर, नरसला, बेसा बेलतरोड़ी के नागरिकों का सर्वाधिक लाभ हुआ है। इंदौरा से जरीपटका से नारा से रिंग रोड जोड़ने वाला ओवरब्रिज भी गडकरी ने मंजूर कर मान्यता दी है, विधायक दटके, मोहन मते ने भी अपने विचार रखे, मते ने दक्षिण नागपुर को मेट्रो से जोड़ने की मांग रखी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com