

NCP Sharad Pawar Appointed Salil Deshmukh: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) पार्टी ने विदर्भ में संगठन को मजबूत करने के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। पार्टी के युवा और आक्रामक नेता सलील देशमुख को नागपुर जिला ग्रामीण का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति से नागपुर जिले में पार्टी संगठन को एक नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता और विधायक जयंत पाटील के हाथों सलील देशमुख को इस पद का आधिकारिक नियुक्ति पत्र प्रदान किया। जिम्मेदारी मिलने के बाद सलील देशमुख ने राकां के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार से उनके निवास स्थान पर मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके साथ ही उन्होंने सुप्रिया सुले, शशिकांत शिंदे और अनिल देशमुख सहित तमाम वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया।
सलील देशमुख के संगठनात्मक अनुभव और नेतृत्व क्षमता पर भरोसा जताते हुए पार्टी ने उन्हें दो महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं। उन्हें नागपुर जिला ग्रामीण अध्यक्ष के साथ-साथ नागपुर स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के समन्वयक का दायित्व भी दिया गया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि उनके अनुभव से संगठन को मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा।
सलील देशमुख इससे पहले जिला परिषद सदस्य रह चुके हैं और राष्ट्रवादी युवक कांग्रेस के विदर्भ प्रमुख के रूप में भी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। इस दौरान उन्होंने संगठन विस्तार, जनसंपर्क और विभिन्न राजनीतिक अभियानों में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
नागपुर जिले की सामाजिक, प्रशासनिक और राजनीतिक परिस्थितियों की उनकी गहरी समझ उन्हें नई जिम्मेदारियों के निर्वहन में मदद करेगी। पार्टी को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में नागपुर ग्रामीण में संगठन का जनाधार मजबूत होगा और आगामी चुनावों की तैयारियों को भी नई गति मिलेगी।
इस नियुक्ति की खबर मिलते ही नागपुर जिले के पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। पूर्व मंत्री अनिल देशमुख के मुश्किल समय में भी सलील देशमुख ने विकास कार्यों और संगठन को मजबूती से संभाला था। उनके इसी मजबूत जनसंपर्क और निष्ठा को देखते हुए नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में जिले में पार्टी का जनाधार और अधिक मजबूत होगा।