कलेक्टर के साथ लॉटरी निकालती छात्राएं (फोटो नवभारत)
Nagpur Zilla Parishad Election Reservation News: आगामी चुनाव के लिए नागपुर जिला परिषद सर्कल के आरक्षण की लाॅटरी निकल गई है। इस लाॅटरी ने भाजपा व कांग्रेस के अनेक दिग्गजों के चुनाव लड़ने की संभावना को खत्म कर दिया है। कुछ दिग्गज तो इस बार चुनाव लड़कर सीधे अध्यक्ष बनने का सपना देख रहे थे लेकिन आरक्षण ने उस पर पानी फेर दिया। पुरुष सदस्यों की सीटें महिला आरक्षण की भेंट चढ़ गईं।
एक ओर जहां दिग्गज पुरुष सदस्यों की सीटें आरक्षण की भेंट चढ़ गईं वहीं दूसरी ओर पूर्व जिप अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सभापति सहित अनेक महिला सदस्यों पर आरक्षण की लाॅटरी मेहरबान रही। वे फिर चुनाव लड़ सकती हैं। आरक्षण घोषित होते ही अब सभी पार्टियों में चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ताओं की सक्रियता निश्चित तौर पर बढ़ जाएगी।
नागपुर जिलाधिकारी कार्यालय सभागृह में कलेक्टर विपिन इटनकर की अध्यक्षता में आरक्षण निश्चित करने की प्रक्रिया पूरी की गई। उपजिलाधिकारी सचिन गोसावी भी उपस्थित थे। स्कूली बच्ची के हाथों विविध वर्ग के लिए आरक्षण की लाॅटरी निकाली गई।
कांग्रेस से भाजपाई हुए मनोहर कुंभारे का केलवद सर्कल पहले ओपन महिला वर्ग के लिए आरक्षित था। तब उनकी पत्नी सुमित्रा कुंभारे चुनाव जीतीं व उपाध्यक्ष रहीं। अब यह सीट ओबीसी महिला के लिए आरक्षित है। संभावना थी कि यह ओपन या ओबीसी के लिए आरक्षित होती तो मनोहर कुंभारे स्वयं चुनाव लड़ते।
शिक्षा सभापति राजकुमार कुसुंबे का माहुली सर्कल एसटी महिला के लिए आरक्षित हो गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ सदस्य नाना कंभाले की कोराडी सीट ओबीसी महिला के खाते में चली गई है। दूधाराम सवालाखे की नगरधन सीट भी ओबीसी महिला हो गई है।
वहीं एनसीपी के दिनेश बंग का रायपुर सर्कल ओपन महिला वर्ग के लिए आरक्षित हो गया है। इसी तरह शिवसेना के एकमात्र सदस्य संजय झाड़े की सोनेघाट सीट को एसटी महिला आरक्षण का झटका लगा है। इसी तरह अनेक सदस्य आगामी जिला परिषद के सदन में नजर नहीं आएंगे।
सर्कल | आरक्षण स्थिति |
---|---|
दावलामेटी | महिला |
वायगांव | महिला |
टाकलघाट | महिला |
वेलतूर | महिला |
इसासनी | महिला |
चिचोली | ओपन |
चनकापूर | ओपन |
येनवा | ओपन |
मांढल | ओपन |
पारडसिंगा | ओपन |
सर्कल | आरक्षण स्थिति |
---|---|
मनसर | महिला |
कान्होलीबारा | महिला |
सोनेघाट | महिला |
माहुली | महिला |
वडंभा | ओपन |
बोथियापालोरा | ओपन |
सावंगी | ओपन |
नांद | ओपन |
सर्कल | आरक्षण स्थिति |
---|---|
गोंडखैरी | महिला |
कोराडी | महिला |
बोरखेड़ी फाटक | महिला |
केलवद | महिला |
तेलकामठी | महिला |
राजोला | महिला |
नगरधन | महिला |
बोखारा | महिला |
वाघोडा | ओपन |
गोंडेगांव | ओपन |
तारसा | ओपन |
धानला | ओपन |
रिधोरा | ओपन |
मकरधोकड़ा | ओपन |
सिर्सी | ओपन |
सर्कल | आरक्षण स्थिति |
---|---|
गुमथला | महिला |
वलनी | महिला |
खात | महिला |
करंभाड | महिला |
तास | महिला |
भिलगांव | महिला |
सावरगांव | महिला |
दुधाला | महिला |
रायपुर | महिला |
जलालखेड़ा | महिला |
बेलोना | महिला |
मालेवाड़ा | महिला |
अरोली | ओपन |
बेला | ओपन |
टेकाडी | ओपन |
धापेवाड़ा | ओपन |
भिष्णुर | ओपन |
बडेगांव | ओपन |
सोनेगांव निपानी | ओपन |
सिल्ली | ओपन |
वडोदा | ओपन |
कापसी खुर्द | ओपन |
पाटणसावंगी | ओपन |
चाचेर | ओपन |
आरक्षण पूर्व दिग्गज महिला सदस्यों के चुनाव लड़ने में बाधा नहीं बनी। पूर्व जिप अध्यक्ष मुक्ता कोकड्डे की पाटणसावंगी सीट पहले एसटी महिला के आरक्षित थी जो इस बार ओपन है। वे चुनाव लड़ सकती हैं।
यह भी पढ़ें:- जहां गठबंधन नहीं, वहां मैत्रीपूर्ण लड़ाई लड़ेगी बीजेपी, CM फडणवीस ने नागपुर से फूंका चुनावी बिगुल
पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष कुंदा राऊत का सर्कल गोधनी रेलवे नगर पंचायत बनने के बाद खत्म हुआ। उसकी जगह भोकारा सर्कल बना है। यह सीट ओबीसी महिला के आरक्षित हुई है जिसके चलते वे यहां से चुनाव मैदान में उतर सकती हैं।
सभापति अवंतिका लेकूरवाले की वडोदा सीट इस बार ओपन है। पहले यह सीट ओपन महिला के लिए आरक्षित थी। पूर्व अध्यक्ष रश्मि बर्वे की टेकाडी (कोख) पहले एससी महिला के लिए आरक्षित थी जो अब ओपन हो गई है। इसी तरह भारती पाटिल, शांता कुमरे, राधा अग्रवाल चुनावी मैदान में फिर उतर सकती हैं।
भाजपा व कांग्रेस दोनों ओर से कुछ वरिष्ठ सदस्य अध्यक्ष की रेस में थे। इनमें भाजपा के मनोहर कुंभारे, अनिल निधान, आंनद राऊत, रुपराव शिंगणे व व्यंकट कारेमोरे के नाम शामिल हैं। कारेमोरे को छोड़कर शेष सभी को महिला आरक्षण का झटका लगा है। वहीं कांग्रेस से नाना कंभाले, दिनेश ढोले, राजकुमार कुसुंबे, बालू इंगोले को दावेदार बताया जा रहा था। उन्हें भी चुनाव लड़ने का मौका नहीं मिल पाएगा।