नागपुर में ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिस अधिकारी से मारपीट, सगे भाइयों ने की बदसलूकी; पुलिस महकमे में हड़कंप
Nagpur Crime News: नागपुर के सक्करदरा में ड्यूटी पर गई महिला PSI के साथ दो भाइयों ने मारपीट और छेड़खानी की। दहेज प्रताड़ना के केस में नोटिस देने पहुंची अधिकारी पर आरोपियों ने हमला किया।
- Written By: आकाश मसने
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: AI)
Nagpur Female PSI Assault News: नागपुर के सक्करदरा थानांतर्गत सोमवारी क्वार्टर परिसर में अपनी ड्यूटी करने गई महिला सब-इंस्पेक्टर के साथ 2 भाइयों ने मारपीट और बदसलूकी की। इस घटना से पूरे इलाके में खलबली मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी भाग निकले। अब पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। आला अधिकारियों ने प्रकरण को गंभीरता से लिया है और जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।
क्या है पूरा मामला?
आरोपियों में सोमवारी क्वार्टर निवासी इरफान इशाक शेख (27) और इरशाद इशाक शेख (30) का समावेश है। दोनों सक्करदरा बाजार रोड पर ताज गैस शॉप चलाते हैं। इरफान की पत्नी ने उसके और बड़े भाई इरशाद, परिवार के सदस्य अस्फिया शेख (24), सुलताना सत्तार शेख (34), खुशमा इरफान शेख (40), शबनम उस्मान गनी (40), मुस्कान उस्मान गनी (20), मस्कासाथ निवासी नगमा नसरुल्ला पठान (33) और नसरुल्ला अमानुल्ला पठान (40) के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और मारपीट की शिकायत की थी।
इस प्रकरण की जांच महिला सब-इंस्पेक्टर को सौंपी गई थी। बार-बार पूछताछ के लिए हाजिर रहने के निर्देश देने के बावजूद एक भी आरोपी पुलिस थाने में पेश नहीं हुआ। सोमवार को अधिकारी इरफान की दुकान पहुंचीं और उसे नोटिस तामिल करने की जानकारी दी।
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर में गर्मी की छुट्टियों के दौरान बेलतरोड़ी पुलिस का विशेष अभियान, चोरी-सेंधमारी रोकने के लिए बढ़ाई गश्त
नागपुर में पुरानी रंजिश में खूनी खेल, नंदनवन में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या; शहर में दहशत
नागपुर में रिश्तों का कत्ल: 20 हजार रुपए के विवाद में नाती ने नानी की बेरहमी से की हत्या
महिला सफाई कर्मचारी से छेड़छाड़ का वीडियो वायरल, मामला दर्ज होने पर भी आरोपी फरार; आंदोलन की चेतावनी
महिला पुलिस से की मारपीट
इरफान दुकान पर आने को लेकर भड़क गया और गालीगलौज करने लगा। अधिकारी ने उसे घर चलकर नोटिस देने की बात कही। वह अधिकारी को घर की तरफ ले गया। अधिकारी ने महिलाओं को कानूनी प्रक्रिया की जानकारी दी। इस दौरान इरशाद भी वहां मौजूद था। वह अचानक घर के बाहर निकला और चिल्ला-चिल्ला कर गालियां देने लगा। महिला अधिकारी ने उसे समझाने का प्रयास किया तो इरशाद ने थप्पड़ मार दिया और बेहद आपत्तिजनक ढंग से धक्का देकर भाग निकला।
यह भी पढ़ें:- महाराष्ट्र में बदला मौसम का मिजाज, नागपुर-यवतमाल-वर्धा समेत विदर्भ के कई जिलों में हुई झमाझम बारिश
इसी दौरान इरफान भी महिला अधिकारी को धक्का देकर भाग गया। तत्काल अधिकारी ने वरिष्ठों को घटना की जानकारी दी। पुलिस स्टेशन से अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। दोनों आरोपियों के खिलाफ नागपुर पुलिस ने विनयभंग, सरकारी कर्मचारी से मारपीट और सरकारी काम में बाधा निर्माण करने का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
