महाराष्ट्र में येलो अलर्ट जारी, मुंबई-ठाणे समेत कई जिलों में गरज के साथ बारिश की संभावना

Mumbai Weather Update: मुंबई और आसपास के इलाकों में चल रही हीटवेव से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने 18-19 मार्च को बारिश का अनुमान जताते हुए कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
maharashtra-weather-alert-storm-rain-heat-mumbai-update
मुंबई मौसम अपडेट (सौ. सोशल मीडिया )
Published on: 
Updated on: 

Mumbai Weather Rain Alert Update: मुंबई और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से जारी हीटवेव से लोगों को जल्द राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, तापमान में गिरावट के संकेत मिल रहे हैं और आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदल सकता है।

रीजनल मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, 18 और 19 मार्च को मुंबई, ठाणे और पालघर में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही तेज हवाएं चलने और बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है, जिससे मौसम सुहावना हो सकता है।

महाराष्ट्र के कई जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजन सहित महाराष्ट्र के कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इसमें रायगढ़, रत्नागिरी, धुले, नंदुरबार, जलगांव, नाशिक, पुणे, अहिल्यानगर, कोल्हापुर, सतारा, सांगली, सोलापुर, परभणी, बीड, हिंगोली, नांदेड़, लातूर, चंद्रपुर, गढ़चिरौली, गोंदिया, नागपुर, वाशिम और यवतमाल शामिल हैं।

तेज हवाएं और बिजली गिरने का खतरा

पूर्वानुमान के अनुसार, इन क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। साथ ही गरज के साथ बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

तापमान में हल्की गिरावट दर्ज

रविवार को मुंबई के सांताक्रुज वेधशाला में अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से करीब 2.6 डिग्री अधिक था, लेकिन तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिली है।

आगे का मौसम कैसा रहेगा

मौसम विभाग का मानना है कि अगले कुछ दिनों में बारिश और हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट आ सकती है। इससे हीटवेव की स्थिति में सुधार होगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।