भारी वाहनों की एंट्री पर रोक (सौजन्य-नवभारत)
Nagpur Traffic Police News: नागपुर शहर में बढ़ते सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए नागपुर ट्रैफिक पुलिस द्वारा शुरू किए गए ऑपरेशन यू-टर्न अभियान के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। भारी वाहनों की आवाजाही पर सख्ती के बाद वर्ष 2026 में (10 मार्च तक) ऐसे हादसों में होने वाली मौतों में 56.5 प्रतिशत तक कमी दर्ज की गई है।
पुलिस के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2020 से 2025 के बीच नागपुर में भारी ट्रकों से जुड़े 422 से अधिक सड़क हादसे दर्ज हुए थे जिनमें बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई और गंभीर चोटें आई। शहर में तेजी से बढ़ते वाहनों, ट्रकों की बेफिक्र ड्राइविंग और भीड़भाड़ वाले इलाकों में भारी वाहनों की आवाजाही को इन हादसों का प्रमुख कारण माना गया।
इन हालातों को देखते हुए नागपुर पुलिस ने जुलाई 2025 में ऑपरेशन यू-टर्न शुरू किया। इस अभियान के तहत सुबह 6 से रात 10 बजे तक आउटर रिंग रोड के भीतर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया। ट्रकों और बड़े मालवाहक वाहनों को शहर के अंदर आने की बजाय आउटर रिंग रोड बाइपास का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए।
शहर की सीमाओं पर न्यू काटोल नाका, गोंडखैरी, जामठा टी-पॉइंट, उमरेड रोड, कापसी ब्रिज और साईं मंदिर क्षेत्र जैसे प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर चेकपोस्ट बनाकर सख्ती से निगरानी की जा रही है। इसके अलावा रात के समय विशेष गश्त, अचानक जांच अभियान और सीसीटीवी निगरानी के जरिए नियम तोड़ने वाले ट्रकों पर नजर रखी जा रही है।
डीसीपी ट्रैफिक लोहित मतानी ने बताया कि अभियान के दौरान पुलिस ने ट्रांसपोर्ट कंपनियों, ट्रक ड्राइवरों और लॉजिस्टिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ बैठकें कर सुरक्षित ड्राइविंग, ओवरस्पीडिंग से बचाव और नियमों के पालन को लेकर जागरूकता भी बढ़ाई है। साथ ही सीसीटीवी आधारित निगरानी प्रणाली से प्रतिबंधित समय में शहर में प्रवेश करने वाले वाहनों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।
भारी वाहनों से होने वाली मौतों में 56.5 प्रश, गंभीर घायलों में लगभग 38 प्रश और मामूली घायलों में 31 प्रश तक कमी आई है। वहीं 11 मार्च 2026 तक शहर में कुल सड़क दुर्घटना मौतों में भी 41 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
ट्रैफिक विशेषज्ञों के अनुसार डेटा आधारित ट्रैफिक पुलिसिंग और भारी वाहनों पर केंद्रित नियंत्रण का यह मॉडल देश के अन्य बड़े शहरों के लिए भी प्रभावी साबित हो सकता है। नागपुर में ऑपरेशन यू-टर्न ने दिखा दिया है कि सख्त नियम, तकनीक और सतत निगरानी से सड़क हादसों में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।
यह भी पढ़ें – RPF में ‘पोस्ट वाले पोस्ट पर’ ही रहेंगे? मध्य रेल जोन में तबादला नीति पर उठे गंभीर सवाल, चर्चा तेज
| क्रमांक | अवधि | मौतें | गंभीर घायल | मामूली घायल |
|---|---|---|---|---|
| 1 | 10 मार्च 2025 तक | 23 | 29 | 16 |
| 2 | 10 मार्च 2026 तक | 10 | 18 | 11 |
| क्रमांक | जोन | वर्ष 2025 | जनवरी–10 मार्च 2026 |
|---|---|---|---|
| 1 | एमआईडीसी | 1984 | 624 |
| 2 | सोनेगांव | 1250 | 1330 |
| 3 | सीताबर्डी | 875 | 281 |
| 4 | सदर | 1507 | 763 |
| 5 | कॉटन मार्केट | 257 | 21 |
| 6 | लकड़गंज | 4688 | 1212 |
| 7 | अजनी | 5176 | 1832 |
| 8 | सक्करदरा | 1235 | 74 |
| 9 | इंदोरा | 4042 | 852 |
| 10 | कामठी | 3865 | 327 |
| 11 | कलमना | 118 | 593 |
| 12 | पारडी | 102 | 1142 |
| कुल | — | 25099 | 9051 |