Nagpur Crime News: नागपुर के सदर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 2 वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से कुल 5 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वांजरा, सुल्तान चौक निवासी मोहम्मद नफीस खान नजीर खान (48) और मेकोसाबाग, लुंबिनीनगर निवासी रेनाल्ड उर्फ रॉनी क्रिस्टोफर रामटेके (22) के रूप में हुई है। जब्त वाहनों में से 4 वाहन रॉनी की निशानदेही पर बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर 2025 को गवलीपुरा निवासी सुल्तान अली रहमान अली (82) का दोपहिया वाहन (एमएच-31/डीक्यू-9671) घर के सामने से चोरी हो गया था। जांच के दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मंगलवारी चौक से नफीस को चोरी के वाहन के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपराध कबूल कर लिया।
दूसरे मामले में टीचर्स कॉलोनी, जाफरनगर निवासी तहेर अख्तर आदम ईसा (56) का दोपहिया वाहन (एमएच-40/बीएम-5887) 20 फरवरी की रात सदर स्थित छोटी मस्जिद के सामने से चोरी हुआ था। जांच में सामने आया कि रॉनी नामक युवक शहर में सक्रिय रूप से दोपहिया चोरी की वारदातों में लिप्त है।
पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने उक्त चोरी सहित तीन अन्य चोरियों की भी कबूली दी। उसकी निशानदेही पर कुल 1.30 लाख रुपये कीमत के 4 दोपहिया वाहन बरामद किए गए।
दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।