Nagpur News: नागपुर मंडल में विश्व धूम्रपान निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंडल रेल अस्पताल, नागपुर में यह विशेष कार्यक्रम बुधवार को आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य तंबाकू और धूम्रपान के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना था। मंडल रेल प्रबंधक विनायक गर्ग तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. निर्मला गुप्ता के मार्गदर्शन में चिकित्सकों ने तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों की जानकारी दी।
डॉ. सुमित सातपुते ने धूम्रपान और तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तंबाकू में मौजूद निकोटिन अत्यधिक नशे की लत लगाने वाला पदार्थ है, जिससे व्यक्ति लंबे समय तक इसकी गिरफ्त में रह सकता है।
डॉ. सातपुते ने यह भी बताया कि धूम्रपान और तंबाकू का सेवन फेफड़ों के रोग, हृदय संबंधी बीमारियां, कैंसर और श्वसन तंत्र से जुड़ीं गंभीर समस्याओं का प्रमुख कारण बनता है।
कार्यक्रम में धूम्रपान छोड़ने के उपायों पर भी मार्गदर्शन किया गया। इसमें काउंसलिंग, सहायता समूहों का सहयोग, स्वस्थ जीवनशैली अपनाना और आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की बात कही गई।
इसी प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम नागपुर मंडल की स्वास्थ्य इकाई अजनी और वर्धा में भी आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में कुल 112 लोगों ने भाग लेकर तंबाकू मुक्त जीवन का संदेश प्राप्त किया।