नागपुर के सरकारी स्कूल में चल रहा था खौफनाक खेल! आधी रात पुलिस की रेड, कसाइयों के चंगुल से छुड़ाए गए 11 गौवंश
Nagpur News: नागपुर के गड्डीगोदाम स्थित मनपा स्कूल में गौ-तस्करी का भंडाफोड़। सदर पुलिस ने देर रात छापेमारी कर कसाइयों द्वारा बंधक बनाए गए 11 गौवंशों को मुक्त कराया, जिन्हें काटने की तैयारी थी।
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: AI)
Nagpur Cows Rescue From Smugglers: महाराष्ट्र के नागपुर शहर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शिक्षा के मंदिर को कसाइयों ने अपना अवैध अड्डा बना लिया था। गड्डीगोदाम परिसर में स्थित महानगर पालिका (मनपा) के ‘लाल स्कूल’ के मैदान में अवैध रूप से गौवंश को बंधक बनाकर रखने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
गुप्त सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, सदर पुलिस को शुक्रवार देर रात गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ कसाई गड्डीगोदाम स्थित मनपा स्कूल के प्रांगण में भारी संख्या में गौवंश लेकर आए हैं और उन्हें काटने (कत्ल करने) की गुप्त योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बिना देरी किए आधी रात को ही स्कूल परिसर में दबिश दी।
भूखे-प्यासे तड़प रहे थे जानवर
जब पुलिस टीम स्कूल के मैदान में पहुंची, तो वहां का नजारा देख अधिकारी भी दंग रह गए। मैदान के एक कोने में 11 गौवंशों को बेहद क्रूरता के साथ रस्सियों से बांधकर रखा गया था। चिलचिलाती गर्मी के बावजूद इन जानवरों के लिए न तो चारे का कोई प्रबंध था और न ही पीने के पानी की व्यवस्था। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि इन जानवरों को कत्लखाने ले जाने या वहीं काटने की तैयारी पूरी कर ली गई थी।
सम्बंधित ख़बरें
राज्यभर FDA की बड़ी कार्रवाई, गुटखा, दूध और खाद्य सामग्री जब्त, 103 प्रतिष्ठानों की जांच पूरी
बेस्ट बस हादसों पर गंभीर सवाल; ड्राइवर नहीं, सिस्टम है हादसों का जिम्मेदार, कागजों में फिट, सड़क पर हैं अनफिट
NEET UG 2026 परिणाम पर छत्रपति संभाजीनगर में उठे बड़े सवाल, दो छात्रों ने कम अंक आने का दावा, 23 को सुनवाई
BEST बदलेगी, सफर संवरेंगे, बेस्ट के कायाकल्प का तैयार ब्लूप्रिंट, डबल डेकर विस्तार, नए रूट और भर्ती के आदेश
आरोपी फरार, तलाश जारी
पुलिस की आहट पाते ही अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी कसाई मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने आस-पास के रहवासियों से पूछताछ की, लेकिन डर या किसी अन्य कारण से फिलहाल किसी भी कसाई का नाम खुलकर सामने नहीं आया है।
सदर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी 11 गौवंशों को सुरक्षित जब्त किया और उन्हें इलाज व देखरेख के लिए नजदीकी गौरक्षण केंद्र भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ ‘प्राणी क्रूरता निवारण अधिनियम’ (Prevention of Cruelty to Animals Act) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
