

Highlights:
नागपुर ग्रामीण पुलिस के अनुसार, गिरोह महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ के सरपंचों एवं ग्रामसेवकों को निशाना बना रहा था।
पुलिस जांच में भोपाल के तीन ठिकानों पर अवैध कॉल सेंटर संचालित होने की जानकारी सामने आई। यहां करीब 35 युवतियां वेतन पर काम कर रही थीं।
आरोपियों द्वारा स्वतंत्रता दिवस के शुभकामना संदेश का विज्ञापन प्रकाशित करने के नाम पर रकम मांगी जाती थी।
Nagpur Rural Police Action: ग्राम पंचायतों के कथित भ्रष्टाचार का पर्दाफाश करने की धमकी और बदनामी का डर दिखाकर 8 राज्यों के सरपंचों को धमका कर वसूली करने वाले एक रैकेट का नागपुर ग्रामीण पुलिस ने पर्दाफाश किया। एसपी हर्ष पोद्दार ने बताया कि 'दैनिक श्रेष्ठ न्यूज' के नाम पर सरपंचों और ग्रामसेवकों को निशाना बनाने वाले इस गिरोह ने केवल नागपुर ही नहीं विभिन्न राज्यों में अपना नेटवर्क फैला रखा था।
यह गिरोह भोपाल से संचालित किया जा रहा था जिसके लिए बाकायदा 4 कॉल सेंटर बनाए गए थे। इस मामले में पुलिस ने छापेमारी करते हुए 4 महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है। स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामना संदेश का विज्ञापन प्रकाशित करने के नाम पर 3,000 रुपये मांगे जाते थे।
रकम देने से इनकार करने पर ग्राम पंचायत के कथित घोटाले और भ्रष्टाचार को खबर प्रकाशित कर सार्वजनिक रूप से बदनाम करने की धमकी दी जाती थी। मीडिया की आड़ में यह कारोबार चलाया जा रहा था। पकड़ी गई महिलाओं में भोपाल निवासी मोनिका लाल सिंह सूर्यवंशी (28), नेहा लाल सिंह सूर्यवंशी (23), अक्षरा मिलिंद अरक (21) और कोमल मोहन मोरे (23) का समावेश है। इस गिरोह की मुखिया मोनिका सूर्यवंशी बताई जा रही है।
पोद्दार ने बताया कि विगत 8 नवंबर को दिवाली निमित्त मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोहारी सावंगा में बैठक ली थी। इस बैठक में सरपंचों ने 'श्रेष्ठ न्यूज' द्वारा धमकाए जाने की जानकारी दी। इसे गंभीरता से लेते हुए सीएम ने ग्रामीण पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। मोवाड की सरपंच मीना सुरेश सिंह सूर्यवंशी ने पुलिस से शिकायत की। 11 अगस्त से 6 नवंबर 2026 के बीच एक महिला ने फोन कर खुद को 'दैनिक श्रेष्ठ न्यूज' से जुड़ा बताया।
उसने 15 अगस्त के अवसर पर शुभकामना विज्ञापन प्रकाशित करने के लिए 3,000 रुपये की मांग की। इसके लिए बाकायदा क्यूआर कोड भेजकर ऑनलाइन भुगतान करने को कहा गया। पैसे देने से इनकार करने पर बदनामी की धमकी दी गई। इसी गिरोह ने जुनोना फुके की सरपंच प्रभा ओमप्रकाश गोतमारे को भी झांसे में लेकर वसूली की थी।
आरोपियों के खिलाफ नरखेड़ थाने में मामला दर्ज किया गया, एडिशनल एसपी अनिल मस्के और काटोल के उपविभागीय पुलिस अधिकारी पराग पोटे के नेतृत्व में लोकल क्राइम ब्रांच सहित विभिन्न टीमों ने केस पर काम शुरू किया, तकनीकी सबूतों और मोबाइल संपकों का विश्लेषण करते हुए पुलिस भोपाल तक पहुंची। वहां हर्षवर्धन नगर के निशातपुरा और एमपी-1 नगर में 3 स्थानों पर अवैध कॉल सेंटर संचालित होने का पता चला। इन केंद्रों पर 35 युवतियां वेतन पर काम कर रही थीं। उनका काम अलग-अलग राज्यों के सरपंचों और ग्रामसेवकों को फोन कर विज्ञापन के नाम पर रकम मागना था।
हैरानी की बात यह है कि गिरोह ने महापंचायत पोर्टल का इस्तेमाल कर महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के 618 सरपंचों एवं ग्रामसेवकों के मोबाइल नंबर जुटाए थे। संबंधित राज्यों की भाषा जानने वाली युवतियों को फोन करने की जिम्मेदारी दी गई थी, ताकि बातचीत में स्थानीय होने का भरोसा पैदा किया जा सके। रकम नहीं मिलने पर पंचायत में कथित अनियमितताओं को उजागर करने और बदनाम करने की धमकी दी जाती थी। पुलिस ने नेटवर्क संचालित करने वाली उपरोक्त 4 महिलाओं को गिरफ्तार किया। इसमें और भी आरोपियों का समावेश हो सकता है।
पोद्दार ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के ठिकानों से 54 मोबाइल फोन, 2 लैपटॉप, 2 कंप्यूटर और 1 प्रिंटर जब्त किया है। इसके अलावा 618 सरपंचों और ग्रामसेवकों के मोबाइल नंबरों वाला रजिस्टर, 'श्रेष्ठ न्यूज' के नाम के लिफाफे और रसीदें, यस बैंक के स्कैनर वाली रसीद स्लिप तथा चेकबुक भी बरामद की गई है। आरोपी वाकई में कोई न्यूज चैनल या अखबार चला रहे थे या नहीं इसका पता लगाया जा रहा है। अब पुलिस पता लगा रही है कि इस तरह आरोपी कितने लोगों को चूना लगा चुके हैं। पुलिस हिरासत में और भी खुलासे हो सकते हैं। वैसे किसी भी आरोपी का पत्रकारिता का बैकग्राउंड नहीं मिला है।