नागपुर पुलिस का डिजिटल धमाका: नंदनवन थाने से AI की शुरुआत, अब 1 घंटे का काम मात्र 4 मिनट में होगा पूरा
नागपुर में नंदनवन थाने में एआई तकनीक से शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया अब तेज, नागरिकों को मिली राहत।
Nagpur Police AI System: नागपुर के नंदनवन थाने में शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के माध्यम से तेज किया गया है। अब नागरिकों को शिकायत दर्ज कराने के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। इस नई प्रणाली के लागू होने से कई प्रकार की शिकायतें कुछ ही मिनटों में दर्ज की जा रही हैं।
पहले जहां शिकायत दर्ज करने में 30 मिनट से लेकर 1 घंटे तक का समय लगता था, वहीं अब यह प्रक्रिया 2 से 4 मिनट में पूरी हो रही है। यह पहल परिमंडल 4 की डीसीपी रश्मिता राव के मार्गदर्शन में शुरू की गई है।
नंदनवन के थानेदार कैलाश देशमाने ने बताया कि उनके पुलिस स्टेशन में एआई, वॉयस टाइपिंग, वॉट्सएप और उपलब्ध कंप्यूटर संसाधनों का उपयोग करते हुए यह प्रणाली विकसित की गई है। इसके माध्यम से शिकायत दर्ज करने के साथ ही गिरफ्तारी की एंट्री, मेडिकल रिपोर्ट भेजने और दैनिक हाजिरी जैसे प्रशासनिक कार्य भी तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।
सम्बंधित ख़बरें
वाडी में तथागत गौतम बुद्ध जयंती के मौके पर “वॉक फॉर पीस एंड नेशन” वॉक थाम को उत्तम प्रतिसाद
नागपुर में गरजे वडेट्टीवार, बंगाल में भाजपा ने की लोकतंत्र की हत्या, अब जनता पर महंगाई का प्रहार
NEET UG 2026 पर सख्ती: NMC का बड़ा फैसला 2-3 मई को मेडिकल छात्रों की छुट्टी पर रोक, नकल रोकने के निर्देश
नागपुर बनेगा एविएशन ट्रेनिंग हब: फ्लाइट सिम्युलेटर से घटेगी लागत, CPL छात्रों को अब बाहर नहीं जाना पड़ेगा
इस नई प्रणाली की शुरुआत प्रयोग के तौर पर नंदनवन पुलिस थाने में की गई थी। इसके अच्छे परिणाम मिलने के बाद इसे परिमंडल 4 के अन्य थानों में भी लागू कर दिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, पहले गैर संज्ञेय एनसी अपराध, मोबाइल या अन्य वस्तु खोने, चोरी की शिकायत तथा अन्य मामलों को सीसीटीएनएस प्रणाली में दर्ज करने में काफी समय लगता था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब शिकायत दर्ज होने के साथ ही उसकी प्रति शिकायतकर्ता को जल्दी उपलब्ध हो रही है।
इस नई प्रणाली को विकसित करने के लिए कोई अतिरिक्त खर्च नहीं किया गया है। इससे पुलिस कर्मचारियों पर काम का दबाव कम हुआ है और टाइपिंग में होने वाली मानवीय गलतियों में भी कमी आई है।
इस पहल से पुलिस थानों की कार्यक्षमता बढ़ी है और शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया अधिक तेज, पारदर्शी और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बन गई है।
