नागपुर में पिंक मैराथन (सौजन्य-नवभारत)
Amruta Fadnavis Nagpur Event: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महानगरपालिका द्वारा स्त्री-शक्ति के सम्मान में आयोजित ‘पिंक मैराथन’ को अभूतपूर्व प्रतिसाद मिला। रविवार तड़के यशवंत स्टेडियम में आयोजित इस दौड़ में हजारों की संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया और ‘सशक्त भविष्य’ तथा ‘बेहतर स्वास्थ्य’ के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।
आयोजन का उद्घाटन अमृता देवेंद्र फडणवीस ने किया, जबकि अध्यक्षता महापौर नीता ठाकरे ने की। उद्घाटन के दौरान अमृता फडणवीस ने अपने गायन से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने कहा कि यदि महिला स्वस्थ और सुदृढ़ होगी तभी समाज सशक्त बनेगा। महापौर नीता ठाकरे ने कार्यक्रम में उपस्थित हजारों महिलाओं की ऊर्जा की सराहना की।
इस अवसर पर उपमहापौर लीला हाथीबेड, स्थायी समिति सभापति शिवानी वखरे, मनपा अतिरिक्त आयुक्त वसुमना पंत, अतिरिक्त आयुक्त वैष्णवी बी., क्रीड़ा समिति सभापति दर्शनी धवड़ आदि उपस्थित थीं। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रतिभागियों के लिए आयोजित जुंबा डांस के साथ हुआ।
यह प्रतियोगिता 3 अलग-अलग श्रेणियों में आयोजित की गई जिसमें विजेताओं को नकद और आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए।
यह भी पढ़ें – वर्ल्ड क्लास बन रहा नागपुर रेलवे स्टेशन! 487 करोड़ के प्रोजेक्ट ने पकड़ी ‘वंदे भारत’ जैसी रफ्तार, जानें खासियत
विशेष आकर्षण 75 वर्षीय शकुंतला काटनाडे रहीं जिन्होंने 5 किलोमीटर की मैराथन पूरी कर सभी को प्रेरित किया जिसके लिए उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साथ ही, उत्कृष्ट वेशभूषा के लिए अनुष्का शर्मा, शिवण्या शर्मा और अन्य को भी पुरस्कृत किया गया।
स्वास्थ्य जागरूकता के तहत एचपीवी टीकाकरण पर जोर दिया गया। मैराथन के दौरान मनपा के स्वास्थ्य विभाग ने एचपीवी (HPV) टीकाकरण के प्रति जागरूकता फैलाई। बताया गया कि गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल कैंसर) के कैंसर के खतरे को कम करने के लिए 14 से 15 वर्ष की आयु की लड़कियों के लिए यह टीकाकरण अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है।