प्रभाग-6 और प्रभाग-9 का बदला ‘पता’! वोटिंग पैटर्न प्रभावित करने के लिए भाजपा ने चली बड़ी चाल? मनपा में घमासान
Nagpur Municipal Corporation Zone Change: मनपा में जोन बदलने पर 'घमासान'! भाजपा के गोपनीय प्रस्ताव से विपक्षी पार्षदों में आक्रोश। आसीनगर और मंगलवारी जोन का भूगोल बदलने की तैयारी। जानें पूरा विवाद।
- Written By: प्रिया जैस
मनपा विवाद (AI generated image)
NMC Asinagar Zone Dispute: राजनीतिक हितों को साधने के लिए भले ही मनपा में सत्ता पक्ष भारतीय जनता पार्टी अब चुनावों के बाद जोन की संरचना बदलने की फिराक में हो लेकिन इस मुद्दे को लेकर पक्ष-विपक्ष में आमने-सामने ही संघर्ष होने के आसार से इनकार नहीं किया जा सकता है। आश्चर्यजनक यह है कि प्रशासकीय कामकाज में सहुलियत और मदद के नाम पर गोपनीय तरीके से भारतीय जनता पार्टी ने मनपा की आम सभा में प्रस्ताव लाकर सूचना के साथ इसे मंजूर कर दिया।
चूंकि सूचना को पटल पर नहीं रखा गया, ऐसे में जोन की संरचना में परिवर्तन की सूचना में जो प्रभाग बदलने जा रहे है वहां के पार्षद भी इस परिवर्तन से अनजान हैं। बहरहाल अब मनपा के मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस को भनक लगते ही इसका पुरजोर विरोध होने की जानकारी सूत्रों ने दी।
निशाने पर कांग्रेस बहुल क्षेत्र
राजनीतिक जानकारों की मानें तो विशेष रूप से उत्तर नागपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आसीनगर जोन और पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में अधिकांश हिस्से वाले मंगलवारी जोन में विशेष रूप से बदलाव की सूचना रखी गई है जिससे कांग्रेस बहुल क्षेत्र को निशाना बनाया जा रहा है। इससे भविष्य में होने वाले विधानसभा चुनावों पर भी इसका असर पड़ने से इनकार नहीं किया जा सकता है।
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर गोरेवाड़ा तालाब प्रदूषण पर HC सख्त; मनपा को 6 हफ्ते का अल्टीमेटम, पूछा-सीधे सीवेज क्यों छोड़ा जा रहा?
झारखंड प्रीमियर लीग: छोटा नागपुर रॉयल्स बनी चैंपियन, फाइनल मुकाबले में जमशेदपुर स्टीलर्स को 7 विकेट से हराया
नागपुर के दिघोरी रोड पर रफ्तार का कहर! ट्रैवल्स बस ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, एक युवक की मौत; 2 घायल
महाराष्ट्र IPS ट्रांसफर: 1997 बैच के IPS नांगरे पाटिल संभालेंगे नागपुर की कमान, गृह मंत्रालय ने जारी की लिस्ट
हालांकि उत्तर नागपुर विधानसभा क्षेत्र अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित होने के कारण इसमें अधिक परिवर्तन का उतना असर तो नहीं दिखाई दे रहा है किंतु मंगलवारी जोन की संरचना बदलने से इसका असर दिखाई देगा। भाजपा बहुल क्षेत्र अंतर्गत प्रभाग-12 का बड़ा हिस्सा मंगलवारी जोन में जोड़ा जा रहा है।
जिस बस्ती के नाम से जोन, उसे ही बदलने का प्लान
आश्चर्यजनक यह है कि आसीनगर बस्ती से सटे जोन को ही आसीनगर जोन के रूप में शुरुआत से नाम दिया गया किंतु अब सदन में संरचना बदलने के लिए दी गई सूचना के अनुसार प्रभाग-6 अंतर्गत आने वाली यह आसीनगर बस्ती के पूरे प्रभाग को ही सतरंजीपुरा जोन में जोड़ा जाएगा। पैदल दूरी के इस जोन से मतदाता वंचित हो जाएंगे, जबकि समस्याओं के लिए अब उन्हें 3 किलोमीटर दूर सतरंजीपुरा जोन में दस्तक देनी होगी।
इसी तरह से प्रभाग-9 में मंगलवारी बाजार आता है जिसके नाम से ही मंगलवारी जोन है। इस प्रभाग-9 का पूरा हिस्सा नई संरचना की सूचना के अनुसार आसीनगर से जोड़ा जाना है जिससे मंगलवारी बाजार का क्षेत्र भी अब आसीनगर जोन में आएगा। यहां तक कि गड्डीगोदाम से लेकर मंगलवारी और आसपास के क्षेत्र के लोगों को किसी भी परेशानी के लिए कामठी रोड पर आसीनगर जाना होगा।
मुस्लिम लीग के पार्षदों पर संकट
राजनीतिक जानकारों के अनुसार आम चुनावों में प्रभाग-6 से चारों सीटों पर मुस्लिम लीग ने जीत हासिल की है। मुस्लिम लीग के चारों पार्षदों का कार्य क्षेत्र आसीनगर बस्ती और आसपास के क्षेत्र का होने तथा जोनल कार्यालय केवल आवाज की दूरी पर होने से जनता की हर समस्याएं सुलझाई जा रही थीं।
यह भी पढ़ें – यशवंत स्टेडियम या अवैध बस अड्डा? शहर में सज रही ट्रैवल्स की मेजें, नियमों को ठेंगा दिखाकर हो रही टिकट बुकिंग
किंतु अब लोगों की समस्याएं सुलझाने के लिए न केवल उन्हें सतरंजीपुरा जोन जाना पडेगा बल्कि नए कर्मचारियों के साथ तालमेल करने की भी परेशानी होगी। आश्चर्यजनक यह है कि मनपा की आम सभा में विषय पर भाजपा पार्षद द्वारा दी गई सूचना गोपनीय रखे जाने से मुस्लिम लीग के पार्षदों को इसकी भनक तक नहीं लग पाई।
कांग्रेस करेगी विरोध
बताया जाता है कि अब भाजपा के इस गोपनीय प्रस्ताव की भनक लगने के कारण विरोध करने का मन बनाया गया है। यहां तक कि इसके लिए अदालती लड़ाई तक लड़ने की तैयारी होने की जानकारी सूत्रों ने दी। कुछ वरिष्ठों का मानना है कि मनपा को जोन या प्रभाग की संरचना बदलने का अधिकार ही नहीं है। यहां तक कि मनपा की सभा का भी यह विषय नहीं हो सकता है। ऐसे में यह प्रस्ताव और उस पर रखी गई सूचना पूर्ण रूप से अवैध होगा।
