शहर का विकास चाहिए तो टैक्स भरें, महापौर नीता ठाकरे की नागरिकों से अपील; बकायेदारों के खिलाफ सख्ती के संकेत

Nagpur Municipal Corporation Property Tax: नागपुर मनपा का संपत्ति कर वसूली अभियान तेज। महापौर नीता ठाकरे ने 31 मार्च तक लक्ष्य पूरा करने के दिए निर्देश। नई संपत्तियों को कर के दायरे में लाने पर जोर।
Nagpur Mayor Nita Thackeray directs officials to expedite property tax recovery by March 31.
नागपुर न्यूज
Published on
Updated on

Mayor Nita Thackeray NMC: नागपुर में चालू आर्थिक वर्ष समाप्त होने में अब केवल 42 दिन शेष बचे हैं, इसलिए 31 मार्च की समय सीमा से पहले निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में पूरा करने के निर्देश महापौर नीता ठाकरे ने अधिकारियों को दिए। महापौर ने संपत्ति कर विभाग को बकाया और चालू वित्त वर्ष के कर की वसूली पर विशेष जोर देने का निर्देश भी दिया है। मंगलवार को मनपा मुख्यालय में कर, बाजार और स्थावर विभाग की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में महापौर ने स्पष्ट किया कि शहर के विकास कार्यों के लिए नियमित संपत्ति कर की वसूली अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रत्येक जोन के सहायक आयुक्तों को निर्देश दिए कि वे अपने स्तर पर विशेष ध्यान दें और नियमों के तहत सख्ती से वसूली की कार्रवाई सुनिश्चित करें।

नई संपत्तियों को कर के दायरे में लाने पर जोर

बैठक के दौरान राजस्व उपायुक्त मिलिंद मेश्राम ने वर्ष 2025-26 के कर निर्धारण का प्रस्तुतीकरण दिया और बताया कि सभी जोन कार्यालयों को वसूली के लक्ष्य दे दिए गए हैं। महापौर नीता ठाकरे ने सुझाव दिया कि वसूली बढ़ाने के लिए नई निर्मित होने वाली संपत्तियों को तुरंत कर निर्धारण के दायरे में लाया जाना चाहिए, साथ ही यदि किसी संपत्ति के स्वरूप में बदलाव हुआ है तो उसके अनुसार कर विवरण को भी समय पर अपडेट किया जाए।

महापौर ने शहर के नागरिकों से भी अपील की कि वे अपनी संपत्ति का कर समय पर भरकर शहर के विकास में अपना सक्रिय योगदान दें। बैठक में उपमहापौर लीला हाथीबेड, सत्ता पक्ष नेता बाल्या बोरकर, अतिरिक्त आयुक्त वैष्णवी बी, उपायुक्त मिलिंद मेश्राम, अशोक गराटे, गणेश राठौड़ सहित नगर रचना विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com