

Nagpur Drainage Cleanliness Nitin Raut: नागपुर शहर में आगामी मानसून के मद्देनजर जलभराव और बाढ़ जैसी स्थितियों से निपटने के लिए महानगरपालिका प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। चिकित्सा सेवा एवं स्वास्थ्य विशेष समिति की ओर से शहर में मानसून पूर्व नाला सफाई का काम तुरंत पूरा करने के सख्त निर्देश दिए हैं। नाला सफाई और ठोस कचरा प्रबंधन को लेकर स्थायी समिति सभागृह में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान डॉ। गजेंद्र महल्ले ने बताया कि मानसून पूर्व सफाई कार्यों का पहला चरण पूरा हो चुका है और दूसरे चरण में बचे हुए काम तेजी से किए जा रहे हैं।
राज्य सरकार की ओर से मनपा को जल्द ही नाला सफाई के लिए कुछ अतिरिक्त मशीनें भी मिलने वाली हैं। बारिश के दिनों में नागपुर शहर के कई इलाकों में पानी जमा होने से घरों को होने वाले खतरे को देखते हुए नाला सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। सभापति ने निर्देश दिए हैं कि जिन जगहों पर जेसीबी या अन्य मशीनों की जरूरत है वहां के लिए एक निश्चित जोन-वार कार्ययोजना तैयार की जाए।
इस प्रक्रिया में स्थानीय नगरसेवकों को भी शामिल करने पर जोर दिया गया है, ताकि कार्यों में एकरूपता रहे और पार्षदों को अपने वार्ड में हो रहे काम की पूरी जानकारी मिल सके। बैठक में सड़कों से कचरा उठाने के लिए अतिरिक्त सफाई कर्मचारियों की मांग भी उठाई गई।
प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि भर्ती प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है और इसके पूरा होते ही प्रत्येक जोन में कम से कम 50 अतिरिक्त सफाई कर्मियों की नियुक्ति की जाएगी। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए 'बीवीजी' और 'एजी एनवायरो' जैसी कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सफाई कार्यों की जानकारी तस्वीरों के साथ नगरसेवकों को उपलब्ध कराएं।
उत्तर नागपुर के विधायक नितिन राऊत ने आसीननगर जोन में नालों का विशेष निरीक्षण किया, मानसून पूर्व तैयारियों का जायजा लेने के लिए आसीनगर जोन अंतर्गत आने वाले नालों की दुरावस्था को लेकर अधिकारियों की क्लास भी ली। राज्य के पूर्व मंत्री एवं उत्तर नागपुर के विधायक डॉ. नितिन राऊत और आसीनगर जोन के सभापति आसिफ शेख भी उपस्थित थे।
टीम ने पीली नदी, नोगा फैक्ट्री नाला, चाम्भार नाला, कामगारनगर नाला तथा गुलशननगर और वांजरा क्षेत्र के नालों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मानसून से पहले सभी नदियों और नालों की साफ-सफाई का काम हर हाल में पूरा कर लिया जाए।