नंदनवन के कैफे में लगी आग (सौजन्य-नवभारत)
FS Zone Cafe Arson: नागपुर में नंदनवन रोड के राष्ट्रसंत तुकड़ोजी महाराज कॉम्प्लेक्स में स्थित ‘एफएस जोन कैफे’ में हुए विवाद के बाद भड़की हिंसा में पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसी बीच सीपी रविंद्रकुमार सिंगल ने नंदनवन के थानेदार विनायक कोली का तबादला कर दिया। सोमवार देर रात 2 गुटों के बीच हुए हिंसा के बाद परिसर में सांप्रदायिक तनाव का वातावरण बन गया था।
इस प्रकरण में पुलिस ने दोनों गुटों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पहले इस मामले में राहुल भुरे, ऋषिकेश वाघमारे और अभिजीत शेलके की गिरफ्तारी हुई थी। बुधवार को पुलिस ने शिवम ठाकुर, यश तोड़ासे, आकाश येवले और पंकज तोड़ासे को गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों की संख्या 7 हो गई है। पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश किया।
अदालत ने सभी को शनिवार तक पुलिस हिरासत में रखने के आदेश दिए। सोमवार रात रानी दुर्गावती चौक निवासी फैजल उर्फ फैय्याज मोहम्मद मुश्ताक शेख (21) अपना कैफे बंद करके घर जा रहा था। उसी दौरान कैफे के सामने ऋषिकेश का दोस्त अभिजीत शेलके शराब के नशे में पेशाब करता दिखाई दिया। जब फैजल ने उसे रोका तो उसने “तेरे बाप की जगह है क्या?” कहकर विवाद शुरू कर दिया।
इस बात पर दोनों के बीच कहासुनी हुई। अभिजीत द्वारा गाली-गलौज किए जाने पर फैजल और उसके साथियों ने उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद अभिजीत ने ऋषिकेश को फोन कर बुलाया। ऋषिकेश के पहुंचते ही विवाद और बढ़ गया। उसने अपने साथियों को भी मौके पर बुला लिया।
यह भी पढ़ें – अवैध संबंधों में बाधा बन रहा था पति, पत्नी ने जाल बिछाकर रास्ते से हटाया; जंगल में आधा दफनाया शव, जानें मामला
इसके बाद दोनों गुटों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। विवाद के दौरान भारी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस बल के पहुंचने के बाद स्थिति नियंत्रण में आई लेकिन देर रात हमलावर दोबारा लौटे और फैजल के कैफे का शटर तोड़कर आग लगा दी। इसके अलावा कार भी जला दी गई।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। इस घटना को लेकर सीपी नंदनवन पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज थे। मंगलवार को उन्होंने थानेदार विनायक कोली का तबादला आवेदन शाखा में कर दिया।