नागपुर जिले में कांग्रेस का सूपड़ा साफ, जनता के सामने नतमस्तक बावनकुले, यूबीटी-NCP-SP के उड़े होश
BJP Victory in Nagpur: नागपुर निकाय चुनाव में भाजपा-शिंदे सेना की जबरदस्त जीत, 27 में से 22 नगराध्यक्ष BJP के। कांग्रेस-राकां SP का सूपड़ा साफ हो गया। अगले चुनावों पर पड़ेगा असर।
- Written By: प्रिया जैस
नागपुर में भाजपा की जीत (सौजन्य-एक्स)
Nagpur Nikay Chunav Result: निकाय चुनाव के पहले चरण में हुए नगर परिषद और नगर पंचायत चुनाव में जिले में पूरी तरह से भाजपा का भगवा लहराया है। कांग्रेस-राकां शरद पवार पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया। 27 नप-नपं में से 22 पर बीजेपी, 2 पर शिंदे शिवसेना ने अपना परचम लहरा कर आगामी जिला परिषद व मनपा चुनावों के लिए रेड कॉरपेट बिछा दिया है। 24 नप-नपं में भाजपा-शिंदे सेना के नगराध्यक्ष होंगे।
कांग्रेस को केवल सावनेर की मोहपा नगर परिषद में जीत हासिल हुई है वहीं काटोल विधानसभा क्षेत्र में 4 में से केवल काटोल नगर परिषद में राकां एसपी ने शेकाप के साथ गठबंधन कर सफलता पाई है। हिंगना विस क्षेत्र में बूटीबोरी में गोंगपा का नगराध्यक्ष चुना गया है। पहले चरण में मिली बम्पर जीत से भाजपा खेमे में उत्साह चरम पर है।
विजयी जुलूस में ढोल-ताशों के साथ जमकर गुलाल उड़ाए तो मिठाइयां बांटकर बधाइयां दी गईं। वहीं 537 नगरसेवकों में से 317 सीटें जीतने का दावा बीजेपी ने किया है। कांग्रेस के कुल 120 नगरसेवक चुने गए हैं। शिंदे सेना के 25, राकां अजित पवार गुट के 6, शिवसेना यूबीटी के 3, राकां एसपी के 16, शेकाप के 12 और अन्य 38 नगरसेवक चुने गए हैं।
सम्बंधित ख़बरें
Mumbai Vegetable Prices: मुंबई में दिखने लगा गर्मी का असर, हरी सब्जियों के दाम पहुंचे आसमान पर
संजय गांधी नेशनल पार्क से गुजरने वाली बीएमसी सड़क परियोजना पर उठे सवाल, पुनर्वास योजना पर भी विवाद
गोराई मैंग्रोव पार्क जल्द होगा जनता के लिए खुला, अटल बिहारी वाजपेयी का दिया जाएगा नाम
मुंबई के विक्रोली पार्कसाइट में 13 वर्षीय लड़की से कथित दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
पोस्टल बैलेट से ही बीजेपी आगे
15 नगर परिषद और 12 नगर पंचायतों के लिए पहले चरण का मतदान 2 दिसंबर को हुआ था। उसके बाद 20 दिसंबर को 4 जगहों पर 9 प्रभाग में मतदान हुआ। 21 दिसंबर को सुबह से मतगणना शुरू हुई। पहले पोस्टल बैलेट की गिनती से ही अधिकतर सीटों पर बीजेपी आगे रही। उसके बाद तो धीरे-धीरे पूरे जिले में कमल खिलता नजर आने लगा। नेताओं सहित कार्यकर्ताओं में खुशियों की लहर दौड़ने लगी। कांग्रेस खेमे में निराशा फैलती गई।
वह अपने गढ़ उमरेड और सावनेर तक में कोई जादू नहीं कर पाई। राकां शरद पवार पार्टी का भी ऐसा ही हाल रहा। इस जीत ने भाजपा कार्यकर्ताओं में आगामी जिला परिषद व मनपा चुनाव के लिए उत्साह दोगुना कर दिया है। एक तरह से बीते विधानसभा चुनाव के बाद राज्य में भाजपा की लहर सी चल रही है।
- 27 नप-नपं में से 22 में भाजपा और 2 पर शिंदे सेना का कब्जा
- 1 मोहपा में ही कांग्रेस जीती, 1-1 शेकाप और गोंगपा के हिस्से
जनता के सामने नतमस्तक : बावनकुले
जिले में एकतरफा जीत सहित राज्यभर में मिली जीत पर भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी व राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले कहा कि यह अभूतपूर्व जीत जनता का भाजपा के प्रति विश्वास की जीत है। हम जनता के सामने नतमस्तक हैं।
मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस के सक्षम नेतृत्व में विकसित महाराष्ट्र की जो संकल्पना है उसे ग्रामीण भाग की जनता ने भी भारी समर्थन दिया है। यह विजय देवाभाऊ पर जनता के अटल विश्वास की जीत है। प्रदेशाध्यक्ष रवींद्र चव्हाण, पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व दिन-रात मेहनत करने वाले लाखों कार्यकर्ता के परिश्रम का फल जनता ने दिया है।
विजयी नगराध्यक्ष (कुल 27)
| पार्टी | विजयी नगराध्यक्ष |
|---|---|
| भाजपा | 22 |
| शिंदे सेना | 2 |
| कांग्रेस | 1 |
| गोंगपा | 1 |
| शेकाप-राकां एसपी | 1 |
| कुल | 27 |
विजयी नगरसेवक (कुल 537)
| पार्टी | विजयी नगरसेवक |
|---|---|
| भाजपा | 317 |
| कांग्रेस | 120 |
| शिंदे सेना | 25 |
| राकां (घड़ी) | 6 |
| शिवसेना यूबीटी | 3 |
| राकां एसपी | 16 |
| शेकाप | 12 |
| अन्य | 38 |
| कुल | 537 |
यह भी पढ़ें – 129 नगराध्यक्ष..3300 नगरसेवक, महाराष्ट्र में BJP फिर नं. 1, भावुक हुए फडणवीस, शिंदे से करेंगे मीटिंग
15 नगर परिषद के विजयी नगराध्यक्ष
| नगर परिषद | विजयी नगराध्यक्ष | पार्टी |
|---|---|---|
| उमरेड | प्राजक्ता कारू | भाजपा |
| खापा | पीयूष बुरडे | भाजपा |
| सावनेर | संजना मंगले | भाजपा |
| मोवाड़ | दर्शना ढोरे | भाजपा |
| नरखेड़ | मनोज कोरडे | भाजपा |
| डिगडोह | पूजा देवी उके | भाजपा |
| कन्हान-पिंपरी | राजेंद्र शेंद्रे | भाजपा |
| वाड़ी | नरेश चरडे | भाजपा |
| कलमेश्वर | अविनाश बोकड़े | भाजपा |
| कामठी | अजय अग्रवाल | भाजपा |
| वानाडोंगरी | सुनंदा बागड़े | भाजपा |
| रामटेक | बिकेंद्र महाजन | शिवसेना |
| बूटीबोरी | सुनील मेंढे | गोंगपा |
| मोहपा | माधव चर्जन | कांग्रेस |
| काटोल | अर्चना देशमुख | शेकाप |
12 नगर पंचायत के विजयी उम्मीदवार
| क्षेत्र | विजयी उम्मीदवार | पार्टी |
|---|---|---|
| कोंढाली | योगेश चाफले | भाजपा |
| भिवापुर | सुषमा श्रीरामे | भाजपा |
| बेसा | कीर्ति बडोले | भाजपा |
| मौदा | प्रसन्ना तिड़के | भाजपा |
| महादुला | हेमलता सावजी | भाजपा |
| कन्हान-कांद्री | सुजीत पानतावणे | भाजपा |
| निलडोह | भूमिका मंडपे | भाजपा |
| येरखेड़ा | राजकिरण बर्वे | भाजपा |
| गोधनी | रोशनी कोलते | भाजपा |
| बिड़गांव | वीरू जामगड़े | भाजपा |
| पारशिवनी | सुनीता डोमकी | शिवसेना |
