नागपुर: शराब के नशे में विवाद के बाद दो दोस्तों ने पत्थर से सिर कुचलकर की युवक की हत्या, दोनों आरोपी गिरफ्तार

Nagpur Crime News: नागपुर के एमआईडीसी क्षेत्र में शराब के नशे में हुए विवाद में मयूर मेश्राम और सुजल साखरकर ने अपने दोस्त आकाश भरडे की पत्थर से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया।
In Nagpur's MIDC area, two men, Mayur Meshram and Sujal Sakharkar, murdered their friend Akash Bharde with a stone following a drunken brawl. Both have been arrested.
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Nagpur Murder Case: एमआईडीसी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हत्या की वारदात हुई। 2 युवकों ने शराब के नशे में हुए विवाद के बाद अपने दोस्त के सिर पर पत्थर से वार कर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक पंचशीलनगर, इसासनी निवासी आकाश कृष्णा भरडे (28) बताया गया। आरोपियों में इसासनी निवासी मयूर मेश्राम और सुजल साखरकर का समावेश है। आकाश टाइल्स फिटिंग का काम करता था।

आरोपी भी मजदूरी करते हैं। सुजल के खिलाफ चोरी-सेंधमारी के मामले पहले भी दर्ज हैं। आकाश की उनके साथ दोस्ती थी। काम निपटाने के बाद साथ बैठकर शराब पीते थे। बुधवार की रात भी तीनों ने ट्रैक्टर कंपनी के पास से शराब की बोतल खरीदी।

माधवनगरी से मिहान की ओर जाने वाले मार्ग पर निर्माणाधीन आधार नगरी में शराब पीने बैठे। नशा होने पर सुजल और आकाश के बीच गाली देने की बात पर विवाद हो गया। शाब्दिक झड़प मारपीट में बदल गई, इसी दौरान दोनों ने पास पड़ा बड़ा पत्थर उठाकर आकाश के सिर पर पटक दिया। 2 बार सिर पर पत्थर लगने से आकाश की मौके पर ही मौत हो गई। गुरुवार की सुबह 7 बजे के दौरान परिसर में काम करने आए मजदूरों ने उसकी लाश देखी और नागपुर पुलिस को जानकारी दी।

खबर मिलते ही डीसीपी एस. ऋषिकेश रेड्डी और इंस्पेक्टर गोकुल महाजन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव के पास ऐसी कोई वस्तु नहीं मिली जिससे मृतक की शिनाख्त हो पाए। पुलिस ने अलग-अलग इलाकों में बीट मार्शल के जरिए वाट्सएप पर फोटो वायरल किए जिससे आकाश की शिनाख्त हो गई जांच-पड़ताल में बुधवार रात

वह मयूर और सुजल के साथ होने की जानकारी मिली, पुलिस ने उन दोनों को हिरासत में लिया। दोनों ने हत्या की कबूली दी है। आकाश घर में अकेला कमाने वाला था। घर में माता-पिता और 3 महीने की गर्भवती पत्नी भी है। इस घटना से पूरा परिवार सदमे में है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com