तीसरे चरण में मेट्रो से जुड़ेगा दक्षिण नागपुर, सीएम फडणवीस ने चुनावी सभा में की घोषणा

Devendra Fadnavis: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नागपुर मेट्रो के तीसरे चरण के विस्तार की घोषणा की, जिसमें दक्षिण नागपुर को मेट्रो रेल से जोड़ा जाएगा। उन्होंने भाजपा और महायुति के उम्मीदवारों के लिए
Devendra Fadnavis
Devendra Fadnavis:मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nagpur Development: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि बीते 10 वर्षों में शहर की तस्वीर बदलने का कार्य केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और राज्य सरकार में सीएम रहते हुए भाजपा सरकार ने किया है। देश में सबसे तेज गति से मेट्रो रेल का निर्माण नागपुर में ही हुआ। सीमेंट रास्तों और फ्लाईओवर का जाल बिछाकर ट्रैफिक की समस्या आगामी दो दशकों तक हल कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मेट्रो का विस्तार हो रहा है और तीसरे चरण में दक्षिण नागपुर को भी मेट्रो रेल से जोड़ा जाएगा। वे सक्करदरा तिरंगा चौक में भाजपा-शिंदे सेना महायुति के उम्मीदवारों के प्रचार के लिए आयोजित आमसभा में बोल रहे थे।

इस दौरान विधायक मोहन मते, कृष्णा खोपड़े, कृपाल तुमाने, शहर अध्यक्ष दयाशंकर तिवारी, संजय ठाकरे, देवेन दस्तूरे सहित दक्षिण नागपुर के सभी प्रभागों के उम्मीदवार उपस्थित थे। सीएम ने कहा कि एक अंतरराष्ट्रीय सर्वे प्रकाशित हुआ, जिसमें वर्ष 2030 में भारत में सर्वाधिक तेजी से विकसित हो रहे शहरों की सूची में पहले 5 नंबर पर नागपुर का नाम है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के नेतृत्व में शहर का चेहरा बदला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार के माध्यम से विविध योजनाएं जनहित में चलाई जा रही हैं।

प्रत्येक नगरसेवकों की गारंटी मेरी

फडणवीस ने नागरिकों से अपील की कि विकास के लिए वे भाजपा और महायुति के उम्मीदवारों को 15 जनवरी को वोट देकर विजयी बनाएं। प्रत्येक नगरसेवक के वार्ड में जो भी विकास कार्य करना है, उसकी गारंटी मैं लेता हूं। पूरी निधि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सीएम, केंद्रीय मंत्री गडकरी और विधायक आपके साथ हैं, इसलिए चिंता की बात नहीं है। उन्होंने कहा कि शहर के 90 प्रतिशत भागों में 24x7 जलापूर्ति शुरू हो चुकी है। शेष 10 प्रतिशत हिस्सों में पानी की टंकी और पाइपलाइन डालने का कार्य शुरू है। तीन वर्षों में जलसंकट पूरी तरह से दूर हो जाएगा। तालाबों का पुनर्जीवन और सौंदर्यीकरण के साथ मूलभूत विकास कार्य भी चल रहे हैं। स्वास्थ्य सेवा को मजबूत करने के लिए 700 करोड़ रुपये दिए गए हैं। मेयो अस्पताल में अत्याधुनिक सुविधाएं, कैंसर हॉस्पिटल और 5 लाख तक मुफ्त उपचार सेवा दी जा रही है।

उनकी विकास की नीयत नहीं

विपक्षी दलों पर हमला करते हुए फडणवीस ने कहा कि उनकी नीयत और नीति विकास की नहीं है। विकास कार्य हम ही कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में हमें भरपूर वोट देकर चुना गया था। विरोधी यह कहते थे कि लाडली बहन योजना बंद कर देंगे, लेकिन जब तक देवाभाऊ सीएम हैं, लाडली बहन योजना बंद नहीं होगी। अब तो लखपति दीदी योजना भी शुरू की है। 50 लाख को लखपति दीदी बनाया है, 1 करोड़ को लखपति दीदी बनाएंगे।

1 लाख से अधिक को रोजगार

सीएम ने कहा कि सिम्बायसिस, ट्रिपल आईआईटी, फायर, लॉ यूनिवर्सिटी के साथ नागपुर में वर्ल्डक्लास इंस्टीट्यूशन हब तैयार किया जा रहा है। MIHAN और MIDC में 1 लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिला है, और बड़ी कंपनियां आ रही हैं जिससे हजारों को रोजगार मिलेगा। आईटी कंपनियों के आने से 25,000 रोजगार मिलने का अनुमान है। खिलाड़ियों के लिए मानकापुर स्टेडियम को 400 करोड़ रुपये दिए गए हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com