हर प्रभाग में शुरू होंगे NMC के अंग्रेजी स्कूल, महापौर नीता ठाकरे का संकल्प, 10 रुपये में होंगी 21 जांचें
Nagpur NMC English Schools: नागपुर की नई महापौर नीता ठाकरे ने हर प्रभाग में एनएमसी अंग्रेजी स्कूल शुरू करने, 10 रुपये में 21 स्वास्थ्य जांच, ‘मोतियाबिंद मुक्त शहर’ अभियान जैसे बड़े फैसलों की घोषणा की।
- Written By: आंचल लोखंडे
Nita Thakre (सोर्सः सोशल मीडिया)
Nagpur Municipal Corporation: नागपुर महानगरपालिका की नवनियुक्त महापौर नीता ठाकरे ने पदभार ग्रहण करते ही शहर के समग्र विकास को लेकर अपना स्पष्ट विजन सामने रखा है। पदग्रहण के बाद आयोजित पहली पत्र-परिषद में उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई अहम निर्णयों की घोषणा की। निजी अंग्रेजी स्कूलों की बढ़ती फीस और उनके एकाधिकार को समाप्त करने के उद्देश्य से महापौर ने घोषणा की कि नागपुर शहर के सभी 38 प्रभागों में एक-एक एनएमसी (NMC) अंग्रेजी स्कूल शुरू किया जाएगा।
वर्तमान में महानगरपालिका के पास 13 अंग्रेजी स्कूल संचालित हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अंग्रेजी शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ मराठी माध्यम के स्कूलों को भी समान प्राथमिकता दी जाएगी तथा ‘सुपर-75’ जैसे शैक्षणिक कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। पत्र-परिषद में उपमहापौर लीला हाथीबेड और सत्तापक्ष नेता बाल्या बोरकर उपस्थित थे।
‘मोतियाबिंद मुक्त शहर’ और सस्ती स्वास्थ्य जांच
गरीब और मध्यम वर्ग को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महापौर नीता ठाकरे ने मात्र 10 रुपये में 21 प्रकार की स्वास्थ्य जांच उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है। इसके साथ ही ‘मोतियाबिंद मुक्त शहर’ अभियान को जारी रखने, तिरछेपन (स्क्विंट) की समस्या के लिए मुफ्त सर्जरी, तथा मनपा स्कूलों की छात्राओं को मुफ्त सैनेटरी पैड वितरण की जानकारी भी दी।
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर में महंगाई की तपिश: अब चाय की चुस्की भी हुई महंगी, टपरियों पर 15 रूपए तक पहुंचा एक ग्लास का दाम
नागपुर घोगली में 6 महीने से अधूरा निर्माण कार्य बना आफत; आधी खुदी सड़क पर गड्ढों से बढ़ रही दुर्घटनाएं
अतिक्रमण के खिलाफ नागपुर मनपा सख्त: महल में हमेशा की तरह डटा रहा दस्ता, प्रतापनगर से 8 ठेले किए जब्त
नागपुर मानसून की तैयारी: महापौर नीता ठाकरे सख्त; नालों, गटर और सार्वजनिक कुओं की सफाई के दिए निर्देश
उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और सुरक्षित बनाया जाएगा, ताकि सफाई कर्मियों की जान जोखिम में न पड़े। स्लम बस्तियों की संकरी गलियों में गटर की सफाई अब मशीनों के माध्यम से की जाएगी। साथ ही 24×7 जल आपूर्ति योजना को पूर्ण करने और रेन वाटर हार्वेस्टिंग नियमों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
परिवहन और महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के प्रयासों से शहर में 230 ई-बसें और 6 पिंक बसें संचालित हो रही हैं, जिससे प्रतिदिन 4,000 लीटर से अधिक डीजल की बचत हो रही है और प्रदूषण में कमी आई है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए इन बसों में सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन लगाए गए हैं।
ये भी पढ़े: शरद पवार के घर बजेगी शहनाई! सुप्रिया सुले की बेटी रेवती बनेंगी नागपुर की बहू, जानें कौन हैं सारंग लखानी
महापौर ने यह भी घोषणा की कि शहर में महिलाओं के लिए विशेष शौचालयों की संख्या बढ़ाई जाएगी और रात में बेसहारा घूमने वाली महिलाओं के लिए मनपा द्वारा आश्रय गृहों की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनता द्वारा दिए गए भारी जनादेश और पार्टी की जिम्मेदारी को वे पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता से निभाएंगी।
