आत्महत्या को उकसाने के आरोप में व्यक्ति गिरफ्तार। (सौजन्यः सोशल मीडिया)
नागपुर: न्यू कामठी थाना क्षेत्र में एक युवती की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रवृत्त करने का मामला दर्ज किया है। आरोपी शिवनगर, तारसा रोड कन्हान निवासी सागर राजू करडे उम्र 30 बताया गया। पुलिस ने देवनगर, कामठी निवासी रंगलाल सहदेव येलेकर उम्र 54 की शिकायत पर मामला दर्ज किया।
रंगलाल की बेटी प्रियूषा और सागर वर्ष 2014 से पोरवाल कॉलेज में एक साथ पढ़ते थे। तब से उनकी दोस्ती थी और प्रेम संबंध बन गए। सागर ने प्रियूषा से शादी का वादा किया था। लगभग रोजाना उनकी मुलाकात और फोन पर बातचीत होती थी।
प्रियूषा ने अपनी मां और बहन को भी प्रेम संबंध की जानकारी दी थी। सागर ने मां और बहन से भी शादी के बारे में बातचीत की थी और जल्द ही अपने परिजनों से मिलवाने की जानकारी दी थी। विगत 29 दिसंबर को प्रियूषा और सागर के बीच फोन पर बातचीत हुई।
इस दौरान सागर ने उससे विवाह करने से इनकार कर दिया। परिवार वालों का विरोध होने की जानकारी दी। काफी देर तक दोनों के बीच फोन पर विवाद होता रहा।
5 बजे प्रियूषा अपने कमरे में चली गई। उस समय माता-पिता और भाई अंकित घर से बाहर गए थे। 5.30 बजे अंकित घर लौटा तो मामा का बेटा दर्शन हॉल में बैठा था। प्रियूषा के बारे में पूछने पर दर्शन ने कमरे में होने की जानकारी दी। अंकित ने फोन किया तो प्रियूषा ने प्रतिसाद नहीं दिया।
महाराष्ट्र की अन्य सभी ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…
दरवाजे पर दस्तक देने पर भी जवाब नहीं मिला तो अंकित ने भीतर झांककर देखा। प्रियूषा फंदे पर लटकी दिखाई दी। अंकित ने दरवाजा तोड़ा और घटना की जानकारी परिजनों को दी। जांच करने पर पता चला कि 29 दिसंबर को सागर और प्रियूषा की 43 बार फोन पर बातचीत हुई थी।
सागर शादी से इनकार कर रहा था। इसलिए प्रियूषा तनाव में थी। इसी वजह से उसने आत्महत्या कर ली। रंगलाल की शिकायत पर पुलिस ने सागर के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रवृत्त करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
(एजेंसी इनपुट के साथ)