मंदिर का डोम ढहा (सौजन्य-नवभारत)
Mahal Nagpur Heritage News: नागपुर शहर के महल क्षेत्र स्थित एक मंदिर का गुंबद गुरुवार को निर्माण कार्य के दौरान अचानक क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मंदिर परिसर में एकत्र हो गए। यह घटना महल में बी पार्क इमारत के निर्माण के दौरान हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महल क्षेत्र में कोतवाली थाने के सामने हेरिटेज राधाकृष्ण मंदिर मौजूद है।
मंदिर के पास ही बी पार्क इमारत का निर्माण किया जा रहा था। गुरुवार को यहां निर्माण कार्य के लिए क्रेन का उपयोग किया जा रहा था। दोपहर करीब 1 से 1.30 बजे के बीच कार्य के दौरान क्रेन मंदिर के गुंबद से टकरा गई। क्रेन की टक्कर से मंदिर के गुंबद का एक हिस्सा टूट कर गिर गया। गनीमत रही कि घटना के समय मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या कम थी जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
मामले को दबाने के लिए मंदिर के गुंबद को लाल रंग की तिरपाल डालकर ढंक दिया गया। कुछ समय बाद लोगों की खबर फैलते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने निर्माण कार्य में लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें – गोंदिया की उस फाइल में क्या था? अजित पवार प्लेन क्रैश में नया मोड़, नाना के बयान से पटेल पर मुड़ी शक की सुई!
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि मंदिर ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण एजेंसी को पहले ही सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए थे, इसके बावजूद सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई। लोगों ने महल में क्षतिग्रस्त गुंबद के शीघ्र पुनर्निर्माण और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।