

Nagpur Koradi Power Plant Hot Ash Accident: महानिर्मिति के अंतर्गत आने वाले कोराडी थर्मल पावर प्लांट (Koradi Thermal Power Station) से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सोमवार को प्लांट की यूनिट नंबर 10 में बिजली उत्पादन के दौरान अचानक गरम राख (Hot Ash) गिरने से वहां काम कर रहे 5 से 7 अधिकारी और कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, कोराडी थर्मल पावर प्लांट के 660 मेगावाट की क्षमता वाले संच क्रमांक 10 में हमेशा की तरह बिजली उत्पादन का काम चल रहा था। इसी दौरान तकनीकी खराबी के कारण अचानक गरम राख का रिसाव हुआ और वह सीधे वहां तैनात कर्मचारियों पर जा गिरी। राख इतनी गरम थी कि कर्मचारी दर्द से चिल्लाने लगे। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और घायल सहकर्मियों को बाहर निकाला।
हादसे में घायल हुए सभी 5 से 7 लोगों को तुरंत नागपुर-कोराडी रोड के मानकापुर स्थित मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ की हालत काफी नाजुक बनी हुई है। हैरानी की बात यह है कि इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद महानिर्मिति (MAHAGENCO) के आला अधिकारी मामले को दबाने की कोशिश कर रहे हैं। प्रबंधन की ओर से इस हादसे को लेकर अभी तक कोई बयान सामने नहीं आया है।
कोराडी प्रोजेक्ट में हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इससे पहले भी यहाँ ओजोन गैस लीकेज के कारण कई कर्मचारी घायल हुए थे। आए दिन होने वाली इन दुर्घटनाओं ने बिजली क्षेत्र के संगठनों और श्रमिक संघों में आक्रोश पैदा कर दिया है।