महाराष्ट्र के राज्यपाल ने आशा भोसले को दी श्रद्धांजलि, तेंदुलकर-AR रहमान सहित इन दिग्गजों ने भी किया नमन

Asha Bhosle Tribute: संगीत जगत की दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन से देश शोक में है। महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने मुंबई स्थित दिग्गज पार्श्व गायिका के आवास पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
Maharashtra Governor Jishnu Dev Varma Pays Tribute To Asha Bhosle
आशा भोसले को नमन करते महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Maharashtra Governor Jishnu Dev Varma Pays Tribute To Asha Bhosle: भारतीय संगीत जगत के एक सुनहरे युग का अंत हो गया है। सुरीली आवाज और वर्सटाइल सिंगिंग की पर्याय रहीं आशा भोसले का रविवार सुबह 92 वर्ष की आयु में ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया। सोमवार को उनके मुंबई स्थित निवास 'कासा ग्रांडे' पर फिल्मी सितारों, राजनेताओं और खेल जगत की हस्तियों का तांता लगा रहा।

सफेद लिली और तिरंगे में लिपटी 'सुर साम्राज्ञी'

आशा भोसले के पार्थिव शरीर को सफेद लिली के फूलों से सजे एक कांच के ताबूत में रखा गया है। भारत सरकार ने उनके संगीत में अतुलनीय योगदान को देखते हुए राजकीय सम्मान के साथ उनकी विदाई का निर्णय लिया है। पुलिस ने उन्हें रस्मी सलामी दी और उनके पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटा गया। इस भावुक क्षण में उनके पुत्र आनंद भोसले, पौत्री जनाई और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। उनकी बहन उषा मंगेशकर और भाई हृदयनाथ मंगेशकर (जो व्हीलचेयर पर थे) भी अंतिम विदाई देने पहुंचे।

राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने किया नमन

महाराष्ट्र के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने मुंबई स्थित दिग्गज पार्श्व गायिका आशा भोसले के आवास पर जाकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया। राज्यपाल ने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। राज्यपाल के साथ मंत्री मंगल प्रताप लाेढ़ा व आशीष शेलार भी मौजूद थे। इसके अलावा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने भी नमन किया।

आशा ताई को श्रद्धांंजलि दने नम आंखों से पहुंचे दिग्गज

आशा ताई को श्रद्धांजलि देने सबसे पहले पहुंचने वालों में दिग्गज संगीतकार ए.आर. रहमान शामिल थे। रहमान ने उनके साथ 'रंगीला रे' और 'तन्हा तन्हा' जैसे यादगार गीतों में काम किया था। क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर अपनी पत्नी अंजलि के साथ पहुंचे। गौरतलब है कि पिछले महीने अर्जुन तेंदुलकर की शादी में आशा भोसले की उपस्थिति उनकी अंतिम सार्वजनिक मौजूदगी थी। दिग्गज अभिनेत्री आशा पारेख, तब्बू, रितेश देशमुख, रेणुका शहाणे और राकेश रोशन ने भी परिवार से मुलाकात कर सांत्वना व्यक्त की।

शिवाजी पार्क में होगा अंतिम संस्कार

आशा भोसले की अंतिम यात्रा उनके निवास से शिवाजी पार्क श्मशान (दादर) के लिए रवाना होगी। शाम 4 बजे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। प्रशंसकों के लिए अपराह्न 3 बजे तक अंतिम दर्शन की व्यवस्था की गई थी। लता दीदी के बाद अब आशा ताई का जाना संगीत के एक पूरे अध्याय का समाप्त हो जाना है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com