29 मार्च से 'ऑल इंडिया पुलिस ड्यूटी मीट' का आगाज, नागपुर पुलिस करेगी मेजबानी, देशभर के 1300 जांबाज दिखाएंगे दम

AIPDM 2026 Nagpur: नागपुर में देशभर के 'सिंघमों' का जमावड़ा! 29 मार्च से शुरू होगी 69वीं ऑल इंडिया पुलिस ड्यूटी मीट। 1300 पुलिसकर्मी और 150 डॉग स्क्वॉड दिखाएंगे अपना कौशल।
Nagpur City Police to host the 69th All India Police Duty Meet from March 29 to April 3. 1300+ personnel and 24 teams including BSF, CRPF to participate.
सीपी रविंद्रकुमार सिंगल (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Updated on

All India Police Duty Meet Nagpur Police: ऑल इंडिया पुलिस ड्यूटी मीट (एआईपीडीएम) एक अनूठा आयोजन है जो देशभर के पुलिस अधिकारियों को एक मंच पर लाता है, ताकि वे अपने कौशल का प्रदर्शन कर सकें, विचारों का आदान-प्रदान कर सकें और विभिन्न गतिविधियों में प्रतिस्पर्धा कर सकें। इस आयोजन का 69वां संस्करण नागपुर शहर में आयोजित किया गया है जिसमें देशभर की 24 टीमें भाग लेने वाली है जिनमें बीएसएफ, सीआरपीएफ, एसएसबी और रेलवे सुरक्षा बल भी शामिल है।

नागपुर पुलिस को इसकी मेजबानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है जो शहर के लिए गौरव की बात है। पूरा पुलिस प्रशासन इस स्पर्धा की तैयारी में जुट गया है। उल्लेखनीय बात ये है कि एआईपीडीएम की शुरुआत भी नागपुर से ही हुई थी। वर्ष 1953 में राइफल और रिवॉल्वर शूटिंग प्रतियोगिता के रूप में इसकी शुरुआत नागपुर से ही की गई थी। तब से निरंतर इस ड्यूटी मीट का आयोजन विभिन्न राज्यों में होता आ रहा है।

समय के साथ यह आयोजन विकसित होकर अपने वर्तमान स्वरूप में पहुंचा जिसमें जांच के वैज्ञानिक साधन, वायरलेस संचार, पुलिस फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी, एंटी-सबोटाज जांच, एंबुलेंस ड्रिल, कम्प्यूटर जागरूकता और पुलिस डॉग स्क्वॉड जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं शामिल हो गईं। देशभर के 1,300 से ज्यादा पुलिसकर्मी इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले हैं। इसके अलावा 150 के करीब पुलिस डॉग भी स्पर्धा के लिए नागपुर आएंगे।

6 दिन तक चलेगी प्रतियोगिता

ड्यूटी मीट का आगाज 29 मार्च को होगा, जबकि भव्य समापन कार्यक्रम 3 अप्रैल को होगा। 6 दिन तक उपरोक्त बिंदुओं पर प्रतियोगिता ली जाएगी। इसमें देशभर के राज्यों की पुलिस, केंद्र शासित प्रदेश एवं केंद्रीय पुलिस बलों की भागीदारी होगी। पुलिस मुख्यालय परिसर में इस प्रतियोगिता का उद्घाटन होगा। इस ड्यूटी मीट में विभिन्न राज्यों की पुलिस एक मंच पर आती है। आपसी चर्चा से समन्वय तो बढ़ता ही है, एक दूसरे से जांच पहलुओं की बारीकियों को सीखने का अवसर भी मिलता है। सभी राज्यों के लिए यह एक महत्वपूर्ण प्रतियोगिता होती है जिससे उनकी इकाई का गौरव भी बढ़ता है। इसकी प्रमुख प्रतियोगिताओं में फोरेंसिक साइंस जांच, साइबर एवं कम्प्यूटर जांच, एंटी-सबोटाज जांच, पुलिस फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी और डॉग स्क्वॉड प्रतियोगिता शामिल है।

राज्य में नागपुर पुलिस बनी थी चैम्पियन

बीते वर्ष महाराष्ट्र स्टेट पुलिस ड्यूटी मीट में नागपुर पुलिस ने विभिन्न श्रेणियों में अपना नाम बनाया था। वर्ष 2024-25 की ड्यूटी मीट में सिटी पुलिस ने जनरल चैम्पियनशिप की ट्रॉफी जीती थी। कुल 15 पदक सिटी पुलिस को मिले थे जिनमें 6 स्वर्ण, 5 रजत और 4 कांस्य पदक का समावेश है।

फोरेंसिक जांच में सिटी पुलिस के ही अधिकारी और कर्मचारियों ने गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल जीते थे जिनमें महिला अधिकारियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा। अब ऑल इंडिया ड्यूटी मीट के लिए पूरे राज्य से सर्वोत्कृष्ट अधिकारी और कर्मचारियों को चुना जा रहा है।

तैयारी में जुटा पूरा प्रशासन

देशभर के अधिकारी और कर्मचारी इस ड्यूटी मीट में हिस्सा लेने वाले हैं। इतनी बड़ी संख्या में आने वाले इन अधिकारियों की रहने और भोजन की व्यवस्था करना भी आसान नहीं है, इसीलिए पूरा पुलिस विभाग तैयारी में जुट गया है। बताया जाता है कि सीपी रवींद्रकुमार सिंगल ने डीआईजी और डीसीपी स्तर के अधिकारियों को व्यवस्था का जिम्मा सौंप दिया है। कहीं कोई कसर न छोड़ने की हिदायत दी है। खुद डीजी सदानंद दाते और एडीजी सीआईडी सुनील रामानंद प्रतिस्पर्धा और पूरी व्यवस्था का अवलोकन कर रहे हैं। यह आयोजन व्यावसायिक उत्कृष्टता, विज्ञान और सेवा का संगम होगा।

  • नवभारत लाइव पर नागपुर से अभिषेक तिवारी की रिपोर्ट
Navbharat Live
navbharatlive.com