Nagpur News: जामठा इंटरचेंज बनेगा विदर्भ का सबसे बड़ा बर्ड पार्क! 34 करोड़ में तैयार होगा हाई-टेक एवियरी पार्क

Jamtha Interchange Bird Park Nagpur: नागपुर के जामठा इंटरचेंज पर बनेगा ₹34 करोड़ का आधुनिक पक्षी उद्यान! NHAI और वन विभाग के बीच MOU। 10 हेक्टेयर में पक्षियों के लिए बनेगा प्राकृतिक घर।
NHAI and Maharashtra Forest Dept sign MoU to build a ₹34 Crore Bird Park and Walkthrough Aviary at Jamtha Interchange, Nagpur. Spread over 10 hectares.
जामठा इंटरचेंज बनेगा पक्षी उद्यान क्षेत्र (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

NHAI Forest Dept MoU Nagpur: नागपुर शहर के विकास और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और महाराष्ट्र शासन के वन विभाग के बीच जामठा स्थित एनएच-44 के क्लोव्हरलीफ इंटरचेंज (लीफ क्रमांक-01) के विकास के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस परियोजना के तहत करीब 10 हेक्टेयर क्षेत्र में वर्ष 2026-27 के दौरान एक आधुनिक पक्षी उद्यान और वॉकथ्रू एवियरी पार्क विकसित किया जाएगा।

एवियरी थीम पर तैयार होगा उद्यान

इस परियोजना की अनुमानित लागत 34 करोड़ रुपये रखी गई है। प्रस्तावित उद्यान को एवियरी थीम पर विकसित किया जाएगा जिसमें पक्षी-अनुकूल हरित लैंडस्केपिंग, पर्यावरण-संवेदनशील आधारभूत सुविधाएं और जैव विविधता को बढ़ावा देने वाली संरचनाएं शामिल होंगी।

  • 10 हेक्टेयर क्षेत्रफल
  • 34 करोड़ की लागत (अनुमानित)
  • जामठा इंटरचेंज बनेगा पक्षी उद्यान क्षेत्र
  • NHAI का राज्य वन विभाग के साथ करार

यह क्षेत्र भविष्य में रि‍क्रिएशनल एंड बायोडायवर्सिटी जोन के रूप में विकसित होगा जो नागरिकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। एनएचएआई की ओर से बताया गया कि परियोजना के अंतर्गत वॉकथ्रू एवियरी, विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों के लिए विशेष बाड़े, स्थानीय वनस्पतियों के माध्यम से प्राकृतिक आवास निर्माण जैसी सुविधाएं तैयार की जाएंगी।

पक्षियों के लिए क्लिनिक, क्वारंटाइन यूनिट

साथ ही पक्षियों के उपचार के लिए क्लिनिक, क्वारंटाइन यूनिट और शिशु पक्षियों के लिए नर्सरी भी बनाई जाएगी। इसके अलावा पक्षियों के भोजन हेतु किचन, तापमान नियंत्रित फीड स्टोरेज, जल शोधन एवं पुनर्चक्रण संयंत्र तथा अपशिष्ट प्रबंधन के लिए बायोडाइजेस्टर यूनिट स्थापित किए जाएंगे।

आगंतुकों के लिए सूचना केंद्र, टिकट काउंटर, स्मारिका दुकान, कैफेटेरिया, शौचालय और पेयजल जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। परियोजना की सुरक्षा के लिए चेन-लिंक फेंसिंग, सुरक्षा बूथ और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com