सरकारी स्कूलों में यूनिफॉर्म बांटने में भेदभाव: PM श्री के छात्रों को पूरा अनुदान, समग्र शिक्षा वालों को आधा
Uniform Grant Disparity: नागपुर के सरकारी स्कूलों में मुफ्त यूनिफॉर्म योजना पर सवाल उठे हैं। पीएम श्री के छात्रों को पूरा अनुदान मिला, जबकि विद्यार्थियों को कम राशि मिलने से भेदभाव के आरोप लगे हैं।
- Written By: अंकिता पटेल
सरकारी स्कूल, मुफ्त यूनिफॉर्म, पीएम श्री योजना, सांकेतिक फोटो (सोर्स: एआई फोटो)
Nagpur Government School Uniform: नागपुर के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को मुफ्त यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने की योजना के क्रियान्वयन को लेकर भेदभाव की स्थिति सामने आई है। पीएम श्री योजना के तहत आने वाले स्कूलों के विद्यार्थियों को दो यूनिफॉर्म का पूरा अनुदान एक साथ दिया गया, जबकि समग्र शिक्षा अभियान के तहत आने वाले विद्यार्थियों को केवल एक यूनिफॉर्म का ही पैसा मिला और वह भी निर्धारित राशि से कम। सरकारी योजना के अनुसार प्रत्येक छात्र को दो यूनिफॉर्म के लिए अनुदान दिया जाता है।
यूनिफॉर्म अनुदान में भेदभाव, छात्रों को मिली कम राशि
प्रत्येक यूनिफॉर्म के लिए 300 रुपये निर्धारित हैं लेकिन समग्र शिक्षा अभियान के तहत विद्यार्थियों को केवल 240 रुपये ही दिए गए। यानी प्रति यूनिफॉर्म 60 रुपये कम मिले हैं। वहीं दूसरी यूनिफॉर्म की राशि कब मिलेगी, इस बारे में भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
इसके कारण अधिकांश विद्यार्थियों को पूरे सत्र में एक ही यूनिफॉर्म पहनकर स्कूल जाना पड़ रहा है। दूसरी ओर पीएम श्री योजना के अंतर्गत आने वाले स्कूलों के विद्यार्थियों को दोनों यूनिफॉर्म का पूरा अनुदान एकमुश्त उपलब्ध करा दिया गया है। इसे लेकर शिक्षा क्षेत्र में दोहरी नीति अपनाने और विद्यार्थियों के साथ भेदभाव किए जाने की आलोचना हो रही है।
सम्बंधित ख़बरें
अमरावती में अकाउंट रेंटल रैकेट का पर्दाफाश, साइबर ठगी के लिए इस्तेमाल हो रहे थे बैंक खाते
मुंबईकरों के लिए खुशखबरी: झीलों में भरा 88% पानी, 15 अगस्त से पहले खत्म हो सकती है पानी की कटौती
रेलवे विज्ञापन ई-नीलामी मामला: नागपुर हाई कोर्ट ने खारिज की याचिका, देरी और कानूनी सीमाओं का दिया हवाला
धारणी आश्रमशाला में फूड पॉइजनिंग: 70-80 आदिवासी छात्र बीमार, ठेकेदार पर FIR के आदेश
आईडी कार्ड के लिए भी दिया जा रहा अनुदान
पीएम श्री योजना के तहत विद्यार्थियों को डिजिटल पहचान पत्र (आईडी कार्ड) के लिए भी अलग से अनुदान दिया गया है। इन आईडी कार्डों पर क्यूआर कोड उपलब्ध है। क्यूआर कोड स्कैन करने पर विद्यार्थी का नाम, गांव, रक्त समूह, फोटो, माता-पिता के नाम तथा मोबाइल नंबर जैसी जानकारी सामने आ जाती है।
यह भी पढ़ें:-रेलवे विज्ञापन ई-नीलामी मामला: नागपुर हाई कोर्ट ने खारिज की याचिका, देरी और कानूनी सीमाओं का दिया हवाला
डिजिटल तकनीक आधारित यह पहचान पत्र विद्यार्थियों की सुरक्षा और पहचान के लिए उपयोगी माना जा रहा है। नागपुर जिले में वर्तमान में पीएम श्री योजना के तहत 32 स्कूल संचालित हैं, जिनमें नगर परिषद और जिला परिषद के विद्यालय शामिल हैं।
इन स्कूलों में 5,726 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। वहीं समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत जिले में 1,512 स्कूल हैं, जिनमें 68,597 विद्यार्थी लाभार्थी हैं। इन विद्यार्थियों के लिए 240 रुपये प्रति यूनिफॉर्म की दर से 1 करोड़ 64 लाख 63 हजार 280 रुपये की राशि जारी की गई।
