

Highlights:
अवैध हिरासत, शारीरिक प्रताड़ना और फर्जी जब्ती के आरोपों पर बॉम्बे हाई कोर्ट की नागपुर पीठ ने DRI के छह अधिकारियों से जवाब मांगा है।
DRI के अनुसार, 22 फरवरी 2026 को महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर भिलाई के पास कमल सिंह की बोलेरो पिकअप से 729 किलो गांजा बरामद किया गया था।
याचिकाकर्ता का आरोप है कि उसे आधिकारिक रिकॉर्ड में दिखाई गई जगह और समय के बजाय ओडिशा के जेपोर से सुबह करीब 6 बजे हिरासत में लिया गया था।
Nagpur DRI High Court Notice: नगर डीआरआई अधिकारियों पर अवैध हिरासत, फर्जी जब्ती, शारीरिक प्रताड़ना और झूठी चार्जशीट तैयार करने के आरोप लगाते हुए जेल में बंद कमल सिंह ने हाई कोर्ट में फौजदारी याचिका दायर की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायाधीश उर्मिला जोशी फालके और न्यायाधीश राज वाकोडे ने राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) और उसकी नागपुर क्षेत्रीय इकाई के 6 अधिकारियों को नोटिस जारी कर जवाब दायर करने का आदेश दिया। याचिकाकर्ता कमल सिंह की पैरवी अधि। प्रकाश नायडू, सुरभि गोडबोले नायडू, जोसेफ बास्टियन और ध्रुव शर्मा ने की।
डीआरआई ने जनवरी 2026 में एक ट्रक से 522 किलोग्राम गांजा ले जाने के आरोप में 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था। एजेंसी का दावा था कि पकड़े गए आरोपियों के इकबालिया बयानों के आधार पर यह जानकारी मिली कि गांजे की आपूर्ति कमल सिंह के माध्यम से की जा रही थी। इसके बाद मोबाइल कंपनी से कस्टमर एप्लिकेशन फॉर्म (सीएएफ) और फोटो प्राप्त कर कमल सिंह की पहचान की गई।
डीआरआई ने चार्जशीट में दर्शाया कि 22 फरवरी 2026 को मिली गुप्त सूचना पर महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर भिलाई के पास शाम 6 बजे एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप को रोका गया जिसे कमल सिंह चला रहा था। एजेंसी का दावा है कि तलाशी के दौरान वाहन से 729 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ और इसके बाद 23 फरवरी 2026 को शाम 4.30 बजे नागपुर स्थित डीआरआई कार्यालय में गिरफ्तारी पंचनामा तैयार कर औपचारिक गिरफ्तारी दिखाई गई।
याचिकाकर्ता की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता प्रकाश नायडू ने पैरवी करते हुए डीआरआई के दावों को पूरी तरह मनगढंत बताया। अदालत को बताया गया कि डीआरआई के अधिकारियों ने पूरी चार्जशीट फर्जी तरीके से तैयार की है और वाहन में गांजा खुद प्लांट किया है। बचाव पक्ष ने इसके समर्थन में ओडिशा के जयपुर स्थित एक दुकान की सीसीटीवी फुटेज पेश की जिससे यह स्पष्ट होता है कि डीआरआई अधिकारी 22 फरवरी 2026 को सुबह 6.30 बजे जेपोर (ओडिशा) में मौजूद थे और याचिकाकर्ता को सुबह 6 बजे ही वहीं से पकड़ लिया गया था।
याचिका में उल्लेख किया गया है कि डीआरआई अधिकारी नागपुर से ओडिशा के जेपोर तक 3 गाड़ियों में पहुंचे थे जिनके पंजीकरण नंबर भी याचिका में दर्ज हैं। याचिकाकर्ता और डीआरआई अधिकारियों के मोबाइल टावर लोकेशन और समय के रिकॉर्ड यह साबित करते है कि आधिकारिक जब्ती का पूरा रिकॉर्ड गढ़ा गया है।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि ओडिशा से पकड़ने के बाद डीआरआई अधिकारियों ने कमल सिंह के साथ लात-घूंसों से मारपीट की और बंदूक दिखाकर धमकाया। इसके बाद अधिकारियों ने खुद उनके वाहन में गांजा रखा और वीडियो रिकॉर्डिंग तैयार की, ताकि यह दिखाया जा सके कि आरोपी को नशीले पदार्थ के साथ रंगे हाथों पकड़ा गया है।
याचिकाकर्ता को यह धमकी भी दी गई कि यदि उसने जमानत की अर्जी लगाई या अदालत सहित किसी के भी सामने डीआरआई की इस करतूत का खुलासा किया ती उसकी पत्नी को भी इस अपराध में सह-आरोपी बनाकर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।