नागपुर कांग्रेस में अध्यक्ष की जंग! केदार-मूलक ने चला अश्विन बैस का दांव, विरोधी गुट ने चयन समिति पर दागे सवाल

Nagpur District Congress: नागपुर जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए रस्साकशी तेज। अश्विन बैस, राजेंद्र मूलक और बाबा आष्टणकर के नाम आए सामने। केदार और मूलक गुट के दबदबे पर विरोध।
Internal conflict intensifies in Nagpur District Rural Congress for the President's post. Supporters of Sunil Kedar and Rajendra Mulak back Ashwin Bais, while others oppose the 'Power' shift.
कांग्रेस (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Updated on

Nagpur Congress Politics: कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत चल रही चयन प्रक्रिया में पहले दिन 11 अप्रैल को शहर कांग्रेस (Congress) की गुटबाजी व असंतोष उभरकर सामने आया था। वहीं नागपुर जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 12 अप्रैल को रामटेक व सावनेर विधानसभा क्षेत्र में केन्द्रीय पर्यवेक्षक राव दान सिंह की अध्यक्षता में हुई पदाधिकारियों की बैठक में 2 गुटों के बीच खींचतान की जानकारी सामने आई है।

जानकारी के अनुसार, बैठक में वर्तमान जिलाध्यक्ष अश्विन बैस के साथ ही पूर्व जिलाध्यक्ष राजेन्द्र मूलक और प्रभारी अध्यक्ष रहे बाबा आष्टणकर के नाम सामने आए। हालांकि यह भी जानकारी मिली कि बैठक में उपस्थित पूर्व मंत्री सुनील केदार व राजेन्द्र मूलक सहित मौदा के कुछ पदाधिकारियों ने अश्विन बैस जैसे युवा को नेतृत्व में बहाल रखने का प्रस्ताव रखा। तर्क दिया गया कि बैस सभी वरिष्ठों को विश्वास में लेकर पार्टी का काम कर रहे हैं। उन्हें 6-7 महीने ही हुए हैं, इसलिए बरकरार रखा जाना चाहिए।

केदार या मूलक को ‘पावर’ का विरोध

जानकारी के अनुसार, जिले में कांग्रेस (Congress) के कद्दावर नेता केदार या फिर मूलक को ही अध्यक्ष पद के चुनाव का ‘पावर’ देने का प्रस्ताव कुछ कार्यकर्ताओं ने रखा लेकिन पार्टी के दूसरे गुट के पदाधिकारियों ने इस पर आपत्ति जताई और कहा कि ऐसे में फिर चयन समिति का कोई अर्थ ही नहीं रह जाएगा। हालांकि फिर मामला शांत हो गया।

हिंगना, कामठी से चुनौती

बैस के खिलाफ रामटेक, सावनेर विधानसभा क्षेत्र से किसी भी पदाधिकारी ने अध्यक्ष पद के लिए आवेदन नहीं दिए जाने की जानकारी है। समझा जा रहा है कि उमरेड और काटोल से भी उन्हें सपोर्ट मिल सकता है लेकिन हिंगना और कामठी विधानसभा क्षेत्र में अध्यक्ष पद के लिए कुछ फॉर्म भरे जा सकते हैं। दूसरे गुट के बाबा आष्टणकर का अध्यक्ष पद के लिए आवेदन भरना पक्का माना जा रहा है। वहीं कामठी से भी कुछ केदार विरोधी पदाधिकारी जोर लगा सकते हैं।

इधर, संगठन सृजन अभियान के तहत 12 अप्रैल को शहर के पूर्व नागपुर स्थित महाकालकर सभागृह कलमना में और उत्तर नागपुर में महात्मा फुले सांस्कृतिक सभागृह इंदौरा में बैठक हुई। बैठक में सभी वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी उपस्थित थे।

Navbharat Live
navbharatlive.com