Nagpur Crime News : नागपुर के नारागांव परिसर में स्थित खेत के कमरे में एक महिला का शव मृत अवस्था में मिला। यह महिला 50 वर्षीय प्रिया है, जो मूलतः मध्य प्रदेश के सिवनी की रहने वाली थी, लेकिन पिछले 10 वर्षों से नागपुर में रह रही थी। रविवार की सुबह प्रिया का शव मोरेश्वर तलेकर के खेत में पाया गया। बताया जाता है कि प्रिया के परिजनों के साथ संबंध ठीक नहीं थे, जिसके कारण वह सिवनी छोड़कर नागपुर आई थी। यहां उसने एक व्यक्ति के साथ संबंध बनाए और अपनी सहेली के घर पर रहने लगी।
4 मार्च को वह अपनी सहेली के घर से एक परिचित व्यक्ति से मिलने निकली थी, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला। मोरेश्वर तलेकर का खेत ओम शांतिनगरी के समीप स्थित है, जहां सोनू उर्फ गोलू अरुण जिभे खेत की देखरेख करता है। रविवार की सुबह जब सोनू खेत में पहुंचा, तो उसे कमरे से बदबू आ रही थी। जब उसने भीतर जाकर देखा, तो उसे प्रिया की लाश अर्धनग्न अवस्था में मिली। शव पर चोट के निशान नहीं थे, लेकिन इल्लियां लग गई थीं।
पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया और सोमवार को प्रिया का पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में पेट में अंदरूनी चोट और सिर पर जख्म होने का पता चला। पुलिस का अनुमान है कि पहले अज्ञात व्यक्ति ने प्रिया के साथ संबंध बनाए और बाद में उसकी हत्या कर दी। अब पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर जांच में जुटी है और प्रिया के संपर्क में आने वाले व्यक्ति की पहचान कर रही है।