नागपुर कांग्रेस में कलह, अश्विन बैस की नियुक्ति पर बवाल! बाबा आष्टणकर की अनदेखी से भड़का तेली समाज

Nagpur Politics: बाबा आष्टणकर को हटाकर अश्विन बैस की नियुक्ति से नागपुर ग्रामीण कांग्रेस में असंतोष बढ़ रहा है। तेली समाज कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे को शिकायत भेजने की तैयारी में है।
nagpur-congress-ashwin-bais-appointment-teli-samaj-anger
बाबा आष्टणकर और अश्विन बैस (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nagpur Congress Internal Politics: विधानसभा चुनाव में राजेन्द्र मूलक द्वारा बगावत किये जाने पर उन्हें नागपुर ग्रामीण कांग्रेस जिलाध्यक्ष के पद से हटाकर पार्टी से निलंबित करने की कार्यवाही कांग्रेस द्वारा की गई थी। उनके बदले तत्काल जिला परिषद के पूर्व वरिष्ठ सदस्य बाबा आष्टणकर को प्रभारी अध्यक्ष बनाया गया था।

संभावना यह थी कि आष्टणकर को ही जिलाध्यक्ष पद की पूर्णकालिक जिम्मेदारी सौंपी जाएगी लेकिन अचानक उन्हें साइड कर पूर्व मंत्री सुनील केदार के करीबी अश्विन बैस को जिलाध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया। तभी से जिला ग्रामीण कांग्रेस में असंतोष के सुर चल रहे हैं।

आष्टणकर तेली समाज से आते हैं। उनके हटा दिये जाने से तेली समाज में रोष देखा जा रहा है। संताजी युवक मंडल के विलास काचौरे, संताजी तेली सामाजिक संगठन के अरुण टिकले, महाराष्ट्र प्रांतिक तैलिक महासभा के बलवंत मरघडे, तेली समाज संगठन के राजू तुरणकर, संताजी युवा मोर्चा के राजेश झाड़े ने आष्टणकर को हटाने का विरोध किया है। समाज द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को पत्र लिखकर अपनी नाराजगी जताने वाले हैं।

भाजपा की ओर तेली समाज

समाज के पदाधिकारियों ने कहा है कि जिले में एक केदार गुट को ही कमान सौंपने और तेली समाज के कार्यकर्ताओं को साइड कर दिये जाने के कारण ही समाज भाजपा की ओर चला गया है। आष्टणकर के अध्यक्ष बनाये जाने पर समाज में खुशी का वातावरण था और समाज को पार्टी में सम्मान मिलने की आशा बंधी थी।

आरोप भी लगाया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल की मदद से इस विशेष गुट ने आष्टणकर को पद से हटाया जिससे असंतोष का वातावरण बन गया है।

तेली समाज का कहना है कि नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अश्विन बैस राजपूत समाज के हैं जिन्हें जिले में कोई नहीं पहचानता। राजपूत समाज की संख्या 1 प्रतिशत भी नहीं है जिससे पार्टी को कोई लाभ नहीं हो सकता। दावा किया कि इस नियुक्ति से कांग्रेस के सभी गुटों में सीनियर कार्यकर्ताओं में भी भारी रोष है जिसका नुकसान आगामी चुनाव में हो सकता है।

सभी को साथ लेकर चल रहा हूं: बैस

नवनियुक्त नागपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष अश्विन बैस ने कहा कि पार्टी आलाकमान राज्य ही नहीं बल्कि देशभर में नये युवा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंप रहे हैं। केवल यहीं नहीं, अन्य राज्यों में भी युवाओं की नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि मैं सभी को साथ लेकर जिले में पार्टी के लिए काम कर रहा हूं। सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, नेताओं के मार्गदर्शन के साथ संगठन को मजबूत करने का कार्य करना है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com