नागपुर की सड़कों पर घूम रहे बाइक सवार लुटेरे; सक्करदरा, हुडकेश्वर और बेलतरोड़ी में 3 महिलाओं को बनाया शिकार
Nagpur Chain Snatching: नागपुर में चेन स्नैचरों ने तीन अलग-अलग वारदातों में महिलाओं को निशाना बनाया। सक्करदरा, हुडकेश्वर और बेलतरोड़ी में मंगलसूत्र व सोने की चेन झपटकर बदमाश फरार हो गए।
- Written By: अंकिता पटेल
नागपुर में चेन स्नैचिंग (सोर्स: नवभारत डिजाइन फोटो)
Nagpur Chain Snatching Cases: नागपुर शहर में चेन स्नैचरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। पुलिस की सख्ती के दावों के बावजूद बदमाश बेखौफ होकर महिलाओं को निशाना बना रहे हैं। मंगलवार को शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई तीन वारदातों में बाइक सवार लुटेरों ने महिलाओं के गले से मंगलसूत्र और सोने की चेन झपट ली। तीनों घटनाओं से शहर में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस आरोपियों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद ले रही है।
15 मिनट में दो चेन स्नैचिंग, महिलाओं को बनाया निशाना
पहली घटना सक्करदरा थाना क्षेत्र के क्रीड़ा चौक रोड स्थित बीमा अस्पताल के पास दोपहर करीब 3:40 बजे हुई। जवाहरनगर निवासी सुनीता प्रकाश जाधव (52) महल क्षेत्र से काम निपटाकर घर लौट रही थीं। क्रीड़ा चौक पर ऑटो से उतरने के बाद वह तुकड़ोजी चौक जाने के लिए दूसरे ऑटो का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे।
पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से करीब 10 हजार रुपये कीमत का मंगलसूत्र छीन लिया और दोनों तेज रफ्तार से फरार हो गए। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला संभल भी नहीं सकीं।
सम्बंधित ख़बरें
भारतीय वैज्ञानिकों की बड़ी उपलब्धि: आयुका के शोधकर्ताओं ने मैजेलैनिक ब्रिज में खोजा दुर्लभ तारकीय मंडल
नासिक में नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान, महाजन बोले- नशे से दूर रहकर ही बनेगा विकसित भारत
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के GM का नागपुर दौरा: कवच प्रणाली का ट्रायल परखा, इतवारी से कामठी तक लिया जायजा
पुणे में बढ़ा बायोमेडिकल कचरा: हर दिन निकल रहा 9,485 किलो कचरा, कोरोना काल से दोगुनी हुई मात्रा
दूसरी वारदात हुड़केश्वर थाना क्षेत्र के न्यू सुभेदार लेआउट में दोपहर करीब 3:45 बजे हुई। शीला नारायण पौनिकर (64) अपनी बहन के घर से पैदल लौट रही थीं। तभी बाइक पर आए दो लुटेरों ने उनके गले से करीब 25 ग्राम वजनी सोने की चेन झपटने की कोशिश की।
हालांकि शीला ने हिम्मत दिखाते हुए चेन को कसकर पकड़ लिया और जोर-जोर से शोर मचाया। इसके बावजूद बदमाश चेन का लगभग तीन ग्राम हिस्सा तोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों के बाहर निकलने तक आरोपी मौके से भाग चुके थे।
एक दिन में तीन चेन स्नैचिंग, महिलाओं में दहशत
तीसरी घटना बेलतरोड़ी थाना क्षेत्र में सामने आई। शालू संजय धवस (45) अपनी पड़ोस की महिला और उसकी बेटी के साथ पैदल जा रही थीं। गौरी मिडास अपार्टमेंट के पास एक युवक मोटरसाइकिल पर बैठकर मोबाइल चला रहा था।
कुछ देर बाद उसने अचानक बाइक स्टार्ट की और शालू के गले से करीब 10 ग्राम सोने का मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गया। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग भी कुछ समझ नहीं पाए।
यह भी पढ़ें:-दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के GM का नागपुर दौरा: कवच प्रणाली का ट्रायल परखा, इतवारी से कामठी तक लिया जायजा
तीनों मामलों की सूचना संबंधित पुलिस थानों को दी गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट और चोरी की संबंधित धाराओं में मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और फरार बाइक सवार बदमाशों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
लगातार सामने आ रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नागरिकों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी मजबूत करने और चेन स्नैचरों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
