भंडारा रोड पर अब तक नहीं चला बुलडोजर, 11 फरवरी को शुरू होना था काम, लेकिन अधिकारी सिर्फ 'फोटो' खिंचवाकर लौटे!

Nagpur Bhandara Road Widening: कलेक्टर के आदेश भी बेअसर। भंडारा रोड चौड़ाईकरण में प्रशासन की कछुआ चाल से शहर में लगेगा भीषण जाम। सेंट्रल एवेन्यू के काम से बढ़ेगी मुसीबत।
Despite Collector's order, Nagpur's Bhandara Road widening project fails to start.
नागपुर न्यूज
Updated on

Nagpur Traffic Jam: नागपुर सिटी के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण मार्गों में से एक भंडारा रोड के चौड़ाईकरण का प्रोजेक्ट अब सरकारी फाइलों और ‘निरीक्षण’ के अंतहीन दौर में दफन होता नजर आ रहा है। जिलाधिकारी के स्पष्ट आदेशों और दावों के बावजूद 11 फरवरी से काम शुरू नहीं हो पाया।

आज भी जमीनी हकीकत ढांक के तीन पात ही रही। आज भी अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर केवल ‘निरीक्षण’ की औपचारिकता पूरी की और अपनी जिम्मेदारी से इतिश्री कर ली। हैरानी की बात यह है कि जब जिले के सर्वोच्च अधिकारी यानी कलेक्टर खुद इस प्रोजेक्ट की समीक्षा कर समय सीमा तय करते हैं तो उनके मातहत अधिकारी उसे गंभीरता से क्यों नहीं लेते।

वर्षों से अटका यह प्रोजेक्ट आज भी केवल आश्वासनों की बैसाखियों पर टिका है। जनता अब सवाल पूछ रही है कि आखिर कब तक निरीक्षण के नाम पर ‘पिकनिक’ मनाई जाएगी और कब वास्तव में सड़क पर बुलडोजर चलेंगे।

सेंट्रल एवेन्यू का ‘ट्रैफिक जाम’ बनेगा जी का जंजाल

अब जबकि सेंट्रल एवेन्यू पर बड़े निर्माण कार्य शुरू होने वाले हैं, शहर की यातायात व्यवस्था का दम घुटना तय है। यदि भंडारा रोड का चौड़ाईकरण समय पर पूरा हो जाता तो सेंट्रल एवेन्यू के भारी ट्रैफिक को यहां डाइवर्ट कर जनता को बड़ी राहत दी जा सकती थी लेकिन प्रशासन की अदूरदर्शिता ने शहर को जाम के दलदल में धकेलने की पूरी तैयारी कर ली है।

जनता की परेशानी से प्रशासन बेखबर

भंडारा रोड पर लगने वाला घंटों का जाम, उड़ती धूल और संकरी सड़क के कारण होने वाली दुर्घटनाएं आम बात हो गई हैं। व्यापारियों और स्थानीय निवासियों का कहना है कि हर बार तारीख दी जाती है, अधिकारी लाव-लश्कर के साथ आते हैं, फोटो खिंचवाते हैं और चले जाते हैं। काम शुरू होने का नाम नहीं लेता। यह जनता के टैक्स के पैसे और हमारे धैर्य का अपमान है।

ट्रैफिक का बज जाएगा बाजा

अगर अगले कुछ दिनों में युद्ध स्तर पर काम शुरू नहीं हुआ तो आगामी हफ्तों में इस इलाके में यातायात की ऐसी दुर्गति होगी कि पैदल चलना भी दूभर हो जाएगा। सेंट्रल एवेन्यू के काम शुरू होते ही पूरा बोझ भंडारा रोड पर आएगा और मौजूदा संकरी सड़क उस दबाव को झेलने में पूरी तरह अक्षम है।

Navbharat Live
navbharatlive.com