

Highlights:
नागपुर के अध्यापकनगर में सोमवार रात जन्मदिन पार्टी के बाद शराब के नशे में युवक ने माउजर से दो बार फायरिंग की।
दूसरी गोली 17 वर्षीय अर्जुन लाडोसे के सिर के पिछले हिस्से में लगी, उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
वारदात के बाद आरोपियों ने अज्ञात हमलावर द्वारा गोली मारने की झूठी कहानी सुनाकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।
सबूत मिटाने के लिए घर के सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर निकालकर छिपाया गया और घटनास्थल से खून के निशान साफ किए गए।
Pistol Firing In Nagpur: हुड़केश्वर थाना क्षेत्र के अध्यापकनगर इलाके में सोमवार की रात सनसनीखेज वारदात हुई। आपराधिक प्रवृत्ति के युवक ने शराब पीकर दोस्तों में रौब जमाने के चक्कर में माउजर से 2 बार फायरिंग की। पहली गोली तो हवा में चलाई लेकिन दूसरी गोली साथ काम करने वाले 17 वर्षीय किशोर के सिर पर लगी। किशोर की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना के बाद आरोपी और उसके साथियों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए झूठी कहानी रची लेकिन क्राइम ब्रांच की टीम ने वारदात का पर्दाफाश किया। इस मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को हिरासत में लिया है।
जख्मी किशोर लवकुशनगर निवासी अर्जुन सुनील लाडोसे बताया गया। पकड़े गए आरोपियों में अध्यापकनगर, मानेवाड़ा रिंग रोड निवासी शैलेश हीरामन गुल्हाने (35), गुरुदेवनगर निवासी पीयूष बबनराव मेंढे (34), पवनपुत्रनगर निवासी पराग शिवाजी चौधरी (24), लवकुशनगर निवासी ऋषिकेश विलास जांगजोड़े (18), नागेंद्र उर्फ भावेश संजय राव (28) और शैलेश के भाई सुनील गुल्हाने का समावेश है। पुलिस वहां मौजूद 14 वर्षीय किशोर की भूमिका का भी पता लगा रही है।
जानकारी के अनुसार, शुभम डीजे का व्यवसाय करता है। जख्मी अर्जुन उसी के पास काम करता है। शुभम पहले पानठेला चलाता था। अगस्त 2018 में उसने अपराधी अमित रामटेके की हत्या की थी। सोमवार की रात शैलेश के दोस्त का जन्मदिन था। सभी ने जन्मदिन मनाया और जमकर शराब पी। रात 2 बजे के दौरान सभी शैलेश के घर के सामने जमा हुए। वहां बातचीत चल रही थी।
इसी दौरान शराब के नशे में शैलेश अपना रौब दिखाने लगा। उसने साथियों को अपने पास पिस्तौल होने की जानकारी दी। इसके बाद वह घर से पिस्टल लेकर आया। पहला राउंड उसने हवा में गोलीबारी की। दूसरी राउंड फायर करते समय गोली अटक गई। दोबारा उसने अर्जुन की तरफ पिस्तौल तानते हुए फायर किया। गोली अर्जुन के सिर के पिछले हिस्से में लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जांच में यह भी सामने आया कि वारदात के सबूत मिटाने के लिए शैलेश ने अपने भाई सुनील गुल्हाने की मदद से घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर निकलवा दिया और उसे आरोधी ऋषिकेश जांगजीडे के घर में छिपा दिया इतना ही नहीं, घटनास्थल पर गिरे खून के निशानों को परिजनों की मदद से साफ कर दिया गया, वारदात में इस्तेमाल पिस्टल भी घर के पीछे छिपाकर रखी गई थी।
पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया, मुख्य आरोपी शैलेश के पास से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल और सीसीटीवी का डीवीआर बरामद किया गया, सभी आरोपियों तथा जब्त सामग्री को आगे की कार्रवाई के लिए हुडकेश्वर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
वारदात की असलियत सामने न आए, इसके लिए शैलेश और उसके साथियों ने अलग ही कहानी गढ़ी, पीयूष मेंढे ने पुलिसः को बताया कि वह और अर्जुन दोपहिया वाहन से जा रहे थे। मानेवाड़ा दहन घाट के पास लघुशंका के लिए रुकने पर स्कूटी से आए एक अज्ञात व्यक्ति ने अर्जुन के सिर में गोली मार दी और मानेवाड़ा की दिशा में फरार हो गया।
इसके बाद सभी ने अर्जुन को एम्स अस्पताल पहुंचाया। इस तरह पुलिस को अज्ञात हमलावर की कहानी सुनाकर जांच भटकाने का प्रयास किया गया लेकिन संदेह होने पर पुलिस ने पीयूष से सख्ती से पूछताछ की। इसके बाद पूरी घटना का पता चला।