अंत्यविधि हादसे में एक और व्यक्ति की मौत, वाठोड़ा दहन घाट पर 5 लोग गंभीर रूप से झुलसे थे

Nagpur Funeral Accident: नागपुर के वाठोड़ा दहन घाट में अंत्यविधि के दौरान डीज़ल से लगी अचानक लपटों में झुलसे पाँच लोगों में एक और व्यक्ति की मौत, पुलिस ने मामला दर्ज किया।
अंत्यविधि हादसे में एक और व्यक्ति की मौत
अंत्यविधि हादसे में एक और व्यक्ति की मौत (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Nagpur News: वाठोड़ा दहन घाट पर चिता को अग्नि देते समय हुए दर्दनाक हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। इस घटना में पहले एक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। उपचार के दौरान अब एक और व्यक्ति की भी मृत्यु हो गई है। मृतक की पहचान गरोबा मैदान निवासी सोपान महादेव गायकवाड़ (57) के रूप में हुई है।

इस हादसे में पहले कर्वेनगर, वर्धा रोड निवासी विनोद पुंडलिकराव मुनघाटे (66) की मृत्यु हुई थी। अन्य तीन घायलों ज्ञानेश्वर गायकवाड़, अशोक मुनघाटे और विट्ठल पसारकर को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

वाठोड़ा दहन घाट

पुलिस ने मृतकों के रिश्तेदार साकेत गेडाम की सूचना पर मामला दर्ज किया है। उल्लेखनीय है कि 15 नवंबर को वाठोड़ा निवासी सुशीलाबाई हरीभाऊ मुनघाटे (83) का निधन हुआ था। शाम करीब 4 बजे उनका शव अंत्यविधि के लिए वाठोड़ा दहन घाट लाया गया था, जहां बड़ी संख्या में रिश्तेदार मौजूद थे।

डीज़ल डाला गया था

चिता को अग्नि देने से पहले उस पर डीज़ल डाला गया था। विनोद, सोपान और अन्य रिश्तेदार चिता के पास ही खड़े थे। जैसे ही अग्नि दी गई, डीज़ल की वजह से अचानक तेज लपटें उठीं और पास खड़े रिश्तेदारों के कपड़ों में आग लग गई। पाँचों लोग बुरी तरह झुलस गए। उन्हें तुरंत मेडिकल अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से झुलसे सोपान को हालत चिंताजनक होने के कारण निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ शनिवार को उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com