

Nagpur Municipal Corporation Janta Darbar: नागपुर महानगर पालिका के प्रशासन को अधिक पारदर्शी, गतिशील और जनता के प्रति जवाबदेही बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर के मार्गदर्शन में और महापौर नीता ठाकरे की संकल्पना से अब शहर के प्रत्येक जोन में हर महीने के दूसरे और चौथे शुक्रवार को 'नागरिक शिकायत निवारण दिवस' (जनता दरबार) का आयोजन किया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य नागरिकों की मनपा के कामकाज से जुड़ों समस्याओं, कठिनाइयों और सेवा संबंधी जानकारी का त्वरित गति से समाधान करना है।
मनपा आयुक्त डॉ. विपिन इटनकर ने इस संबंध में परिपत्रक जारी कर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। प्रत्येक जोन के सहायक आयुक्तों को आदेश दिया गया है कि वे हर महीने के दूसरे और चौथे शुक्रवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक उपस्थित रहकर नागरिकों की शिकायतों का तत्काल निराकरण करें।
इन दिनों प्राप्त होने वाली सभी शिकायतों और निवेदनों का एक अलग से रिकॉर्ड रखा जाएगा। शिकायतकर्ताओं को त्वरित न्याय दिलाने के लिए सभी जोन के सहायक आयुक्तों और संबंधित विभाग प्रमुखों को इस जन शिकायत निवारण कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जो नागरिक बुढ़ापे, दिव्यांगता या किसी अन्य अपरिहार्य कारण से व्यक्तिगत रूप से जोन कार्यालय में आकर अपनी शिकायत दर्ज नहीं करा सकते, उनके लिए नागपुर मनपा ने ऑनलाइन उपस्थिति की सुविधा प्रदान की है।
अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि शिकायतों और समस्याओं के निराकरण में कोई देरी न हो, इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग प्रमुखों की होगी। परिपत्रक में यह भी अनिवार्य किया गया है कि संबंधित जोन के सहायक आयुक्त नागरिकों द्वारा दर्ज की गई ऑनलाइन और ऑफलाइन शिकायतों का पूरा ब्योरा, उन पर की गई कार्रवाई, लंबित प्रकरणों और उनके कारणों की विस्तृत रिपोर्ट नियमित रूप से मनपा के सामान्य प्रशासन विभाग को सौंपेंगे।