

Nagpur Solar Supply Issues: नागपुर कांग्रेस विधायक विकास ठाकरे ने महावितरण के मुख्य अभियंता राजेश नाईक से मुलाकात कर बिजली ग्राहकों की समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित कराया। जिन ग्राहकों के घरों पर रूफटॉप सोलर सिस्टम लगा हुआ है उनके भी बिल 40-50 हजार रुपयों तक दिए गए हैं जिससे ग्राहक संकट में आ गए हैं।
उन्होंने गलत व अत्यधिक बिजली बिलों को तत्काल रद्द करने की मांग की। उन्होंने बताया कि नागपुर शहर के कई क्षेत्रों में हल्की बारिश या तेज हवा चलने पर भी बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है जिससे आम नागरिकों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, उद्योगों और अस्पतालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मेंटेनेंस के नाम पर जब रोज ही बिजली बंद की जाती है तो फिर हल्की बारिश में आपूर्ति कैसे ठप हो जाती है। उन्होंने कहा कि अंडरग्राउंड केवल बिछाने के लिए सड़कों की खुदाई के बाद सड़क और फुटपाथों की सही तरीके से मरम्मत नहीं की जाती जिससे नागरिकों को भारी असुविधा होती है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
उन्होंने मांग की कि कार्य पूरा होते ही सड़कों एवं फुटपाथों का तत्काल समतलीकरण किया जाए। इस अवसर पर संजय महाकालकर, कांग्रेस के पार्षद तथा पार्टी के पदाधिकारी भी उपस्थित थे। ठाकरे ने नवनियुक्त पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल से भी मुलाकात की।
यह भी पढें:-
ठाकरे ने मांग की कि उपभोक्ताओं की पूर्व सहमति के बिना लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों की प्रक्रिया तत्काल रोकी जाए, साथ ही स्मार्ट मीटर लगने के बाद बिजली बिलों में हो रही अनियमित वृद्धि, रूफटॉप सोलर प्रणाली वाले उपभोक्ताओं को आ रहीं समस्याओं के निराकरण की मांग की। उन्होंने नाईक को बताया कि बिना किसी तकनीकी कारण के सही ढंग से कार्यरत डिजिटल बिजली मीटरों को बदला जा रहा है और शिकायतों की ओर ध्यान ही नहीं दिया जा रहा है।