नागपुर में चार दिन की बारिश के बाद लौटी धूप, बढ़ी उमस; अगले सप्ताह तक हल्की बारिश के आसार

Nagpur Weather: नागपुर में चार दिन की बारिश के बाद धूप निकलते ही उमस बढ़ गई। मौसम विभाग ने 25 जुलाई को हल्की बारिश और 26 से 30 जुलाई तक बादल छाए रहने के साथ छिटपुट बौछारों का अनुमान जताया है।
Sunshine returns to Nagpur after four days of rain; humidity rises; light rain likely by next week.
नागपुर के मौसम की सांकेतिक फोटो (सोर्स: एआई फोटो)
Published on
Updated on

Nagpur Weather Monsoon Update: नागपुर में पिछले चार दिनों तक लगातार हुई बारिश के बाद शुक्रवार को मौसम का मिजाज बदलता नजर आया। सुबह से तेज धूप निकलने के कारण तापमान में बढ़ोतरी हुई और उमस ने एक बार फिर शहरवासियों की परेशानी बढ़ा दी। हालांकि दोपहर करीब 2:30 बजे शहर के कुछ हिस्सों में अचानक तेज बारिश हुई, जबकि कई इलाकों में रुक-रुक कर हल्की फुहारें भी पड़ती रहीं। बारिश थमते ही वातावरण में नमी बढ़ गई और उमसभरी गर्मी ने लोगों को फिर से बेहाल कर दिया।

लगातार बारिश के चलते पिछले कुछ दिनों से शहर का तापमान सामान्य से काफी नीचे बना हुआ था और मौसम सुहावना हो गया था, लेकिन शुक्रवार को धूप निकलने के साथ ही मौसम ने करवट ले ली। दोपहर के समय कुछ मिनटों की तेज बारिश ने राहत जरूर दी, लेकिन उसके बाद निकली धूप और बढ़ी हुई आर्द्रता के कारण लोगों को चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ा।

सामान्य से अधिक पहुंचा अधिकतम तापमान

मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को नागपुर का अधिकतम तापमान 32.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है। तापमान में बढ़ोतरी के साथ हवा में नमी भी अधिक रही, जिससे दिनभर उमस महसूस की गई।

अगले 24 घंटे में हल्की बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान यानी 25 जुलाई को शहर और जिले के कुछ हिस्सों में एक-दो दौर की हल्की बारिश होने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार बारिश का सिलसिला पूरी तरह थमेगा नहीं और बीच-बीच में हल्की फुहारें पड़ सकती हैं।

26 से 30 जुलाई तक ऐसा रहेगा मौसम

पूर्वानुमान के मुताबिक 26 से 28 जुलाई तक नागपुर और आसपास के जिलों में बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं 29 और 30 जुलाई को भी शहर में हल्की बारिश के संकेत दिए गए हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस अवधि में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान लगभग वर्तमान स्तर पर ही रहने की संभावना है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून अभी सक्रिय है, इसलिए आने वाले दिनों में धूप और हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। ऐसे में नागरिकों को बदलते मौसम के बीच आवश्यक सावधानी बरतने और मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com