Maharashtra Weather: आज इन जिलों में बरसेगी आफत, पुणे-मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी, जानें अपने शहर का हाल

Maharashtra Weather Today: राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। पुणे, ठाणे और रायगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट, मुंबई में यलो अलर्ट जारी। जानें अपने शहर के मौसम और समुद्र के ज्वार-भाटे का हाल।
maharashtra weather heavy rainfall alert mumbai pune orange alert
महाराष्ट्र के मौसम की सांकेतिक फोटो (सोर्स: एआई फोटो)
Updated on

Maharashtra Weather Update: महाराष्ट्र में मानसून की सक्रियता के चलते राज्य के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी है। IMD और स्काईमेट के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आज राज्य के कई जिलों में मूसलाधार बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से पश्चिमी महाराष्ट्र और कोंकण क्षेत्र के लिए गंभीर चेतावनी जारी की है।

पुणे जिले के लिए आज को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, पुणे के पहाड़ी इलाकों में मुसलाधार बारिश होने की प्रबल संभावना है। शहर में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है, जबकि घाट क्षेत्रों में अत्यंत भारी बारिश जनजीवन को प्रभावित कर सकती है। यहाँ का अधिकतम तापमान 28°C और न्यूनतम तापमान 23°C के आसपास रहने का अनुमान है।

मुंबई, ठाणे और कोंकण का हाल

राजधानी मुंबई के लिए मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है, जिसका अर्थ है कि शहर और उपनगरों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, पड़ोसी जिलों ठाणे, पालघर और रायगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट बरकरार रखा गया है, जहां शनिवार को बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। कोंकण और गोवा उपखंड में मानसून के अत्यधिक सक्रिय रहने के कारण 'वेरी हैवी रेन' की चेतावनी दी गई है। तटीय इलाकों में 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

मुंबई में समुद्र की स्थिति

समुद्र के किनारे रहने वाले लोगों के लिए ज्वार-भाटे का समय जानना महत्वपूर्ण है। आज मुंबई में:

  • पहला लो टाइड: रात 2:34 बजे (4.13 फीट)
  • पहला हाई टाइड: सुबह 9:59 बजे (11.61 फीट)
  • दूसरा लो टाइड: दोपहर 3:56 बजे (7.84 फीट)
  • दूसरा हाई टाइड: रात 8:51 बजे (9.91 फीट)

उत्तर महाराष्ट्र और मराठवाड़ा

उत्तर महाराष्ट्र के जिलों जैसे नासिक, धुले, नंदुरबार और जलगांव में भी भारी बारिश का खतरा बना हुआ है। नासिक के घाट क्षेत्रों में बिजली कड़कने और गरज के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है। छत्रपति संभाजीनगर में आसमान में बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ बारिश होने की संभावना है, जहाँ अधिकतम तापमान लगभग 25-26°C रहने का अनुमान है।

विदर्भ में स्थिति सामान्य पर बारिश जारी

विदर्भ क्षेत्र में मानसून फिलहाल थोड़ा धीमा है, लेकिन बारिश का वितरण व्यापक रहेगा। नागपुर, वर्धा, भंडारा, गोंदिया, चंद्रपुर और गडचिरोली में 25 जुलाई को स्कैटर बारिश की संभावना है। अमरावती, अकोला, बुलढाणा और वाशिम में केवल छिटपुट स्थानों पर ही बारिश की उम्मीद है। फिलहाल विदर्भ के लिए किसी बड़े खतरे की चेतावनी नहीं दी गई है।

पर्यटकों और नागरिकों के लिए सलाह

चूंकि पुणे के घाटों और कोंकण क्षेत्र में बारिश का जोर अधिक रहने वाला है, इसलिए आषाढ़ी एकादशी के लिए पंढरपुर जाने वाले भाविकों और पिकनिक मनाने वाले पर्यटकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे जल निकायों से दूर रहें और सुरक्षित स्थानों पर शरण लें।

Navbharat Live
navbharatlive.com