

Nagpur Electricity Line Fire: मोहपा समीप के सावंगी (व्यवहारे) गांव के खेत में महावितरण की 3-फेज बिजली लाइन में हुए शॉर्ट सर्किट और स्पार्किंग के कारण भीषण आग लग गई, जिससे एक किसान को भारी नुकसान हुआ।
मोहपा निवासी मंगला सुधाकरराव ढगे की सावंगी परिसर में करीब 2 एकड़ जमीन है, जिसमें लगभग 100 संतरे के पेड़ हैं। इसी बाग में उन्होंने इस वर्ष गेहूं की फसल भी लगाई थी। ढमे ने यह जमीन मोहगांव के सुनील नांदे को ठेके पर दी थी।
इस खेत से महावितरण की तीन-फेज बिजली लाइन जाती है। शॉर्ट सर्किट के कारण निकली चिंगारी से जमीन पर पड़े सूखे पत्तों और घास में आग लग गई, हवा और सूखी घास के कारण आग तेजी से फैल गई और खेत में मौजूद 100 संतरे के पेड़ तथा कटाई के लिए तैयार गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इसमें अंबिया बहार के संतरे का लगभग 5 से 7 टन उत्पादन भी नष्ट हो गया। इसमें लाखों रुपये के नुकसान का प्राथमिक अनुमान है।
स्थानीय नागरिकों ने महावितरण की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए तत्काल पचनामा करने और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
इसके लिए कलमेश्वर के तहसीलदार, तहसील कृषि अधिकारी, कनिष्ठ अभियंता, महावितरण, मोहपा को ज्ञापन सौंपा गया है। इस मामले को गंभीरता से लेकर प्रशासन द्वारा तुरंत कार्रवाई की मांग स्थानीय लोगों ने की है।
नदि ने इस फसल के लिए लगभग 80 से 90 हजार रुपये खर्च किए थे और पिछले 8 महीनों से कड़ी मेहनत की थी। लेकिन कटाई से ठीक पहले हुई इस घटना ने उनकी सारी मेहनत पर पानी फेर दिया। इस हादसे से संबंधित परिवार पर बड़ा आर्थिक संकट आ गया है और क्षेत्र में शोक व्यक्त किया जा रहा है।