नागपुर: सोशल मीडिया पर बढ़ेगी RSS की सक्रियता, जेन-जी युवाओं और गेटेड सोसायटियों तक पहुंच की नई योजना
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने नागपुर में सोशल मीडिया के उपयोग पर जोर दिया, अच्छे उद्देश्यों के लिए सक्रियता बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
Mohan Bhagwat Nagpur News: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि सोशल मीडिया का व्यापक उपयोग हो रहा है, इसलिए संघ को अच्छे उद्देश्य के लिए इन मंचों पर अपनी सक्रियता बढ़ाने की आवश्यकता है।
नागपुर में मराठी समाचार पत्र तरुण भारत के शताब्दी समारोह में संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक कार्यों के लिए किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मीम और रील पहले से ही प्रचलन में हैं तथा संघ का संचार विभाग भी विभिन्न माध्यमों से सामग्री प्रसारित कर रहा है, लेकिन इस दिशा में और सक्रियता बढ़ाने की जरूरत है।
भागवत ने कहा कि लोगों को एक साथ लाना और समाज में सकारात्मक बदलाव लाना, दोनों ही आवश्यक और एक-दूसरे के पूरक हैं। युवा पीढ़ी पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि जेन-जी ईमानदारी और राष्ट्र सेवा जैसे मूल्यों की ओर आकर्षित होती है, जो संघ की विचारधारा का भी आधार हैं।
सम्बंधित ख़बरें
मुंबई में Gen Z और Gen Alpha के साथ कल सीधा संवाद करेंगे RSS प्रमुख मोहन भागवत; NMACC में तैयारी पूरी
नागपुर हाईकोर्ट का फैसला: इस्लाम मानने वालों को नहीं मिल सकता SC का दर्जा; संविधान आदेश 1950 को ठहराया वैध
नागपुर में स्वास्थ्य सेवाएं ठप! सरकारी नर्सों ने किया 2 घंटे काम बंद आंदोलन; अस्पतालों में मरीज हुए परेशान
सड़क या ताल-तलैया? उत्तर नागपुर के देवीनगर-मांजरी में नरक बनी जिंदगी; जान जोखिम में डाल सफर करने को मजबूर लोग
उन्होंने बताया कि युवा शाखाओं में आ रहे हैं, वहीं जहां शाखाएं नहीं लगतीं, वहां स्वयंसेवक गेटेड सोसाइटियों और बहुमंजिला इमारतों में रहने वाले लोगों तक पहुंच बना रहे हैं। आगामी अखिल भारतीय बैठकों में जेन-जी को शाखाओं से जोड़ने पर भी चर्चा की जाएगी।
संघ प्रमुख ने कहा कि संगठन का कामकाज तेजी से फैल रहा है, इसलिए विकेंद्रीकरण की आवश्यकता है। बढ़ती अपेक्षाओं के चलते विभिन्न क्षेत्रों में स्वयंसेवकों की मांग भी बढ़ी है, जिससे बेहतर कार्यक्षमता के लिए छोटी इकाइयों का गठन जरूरी हो गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि बढ़ते कार्य के मद्देनजर सरकार और प्रशासन के साथ समय-समय पर संवाद आवश्यक है। इसके लिए अलग समन्वय तंत्र तैयार किया जा रहा है तथा प्रदेश स्तर पर इकाइयों के गठन की दिशा में भी काम चल रहा है।
