नागपुर में मनसे कार्यकर्ताओं का यस बैंक पर हल्ला बोल, लोन ऑफिसर की जमकर की पिटाई, VIDEO

Nagpur MNS Yes Bank News: नागपुर में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के कार्यकर्ताओं ने एक और बैंक को अपना शिकार बनाया। इस बार मुद्दा भाषा का नहीं बल्कि एक गरीब की मजबूरी का फायदा उठाने का था।
Nagpur News: नागपुर में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के कार्यकर्ताओं ने एक और बैंक को अपना शिकार बनाया। इस बार मुद्दा भाषा का नहीं बल्कि एक गरीब की मजबूरी का फायदा उठाने का था।
यस बैंक के अधिकारी से मारपीट (सौजन्य-एक्स)
Published on: 
Updated on: 

Nagpur MNS News: माउंट रोड सदर स्थित यस बैंक के कार्यालय में मनसे कार्यकर्ताओं द्वारा एक लोन अधिकारी के साथ मारपीट की गई जिससे हड़कंप मच गया है। दरअसल इंद्रजीत मुले नामक ग्राहक ने यस बैंक से कर्ज लेकर जेसीबी खरीदी थी। शुरू में उसने किस्त की रकम नियमित जमा की लेकिन बाद में आर्थिक अड़चन के चलते कुछ किस्तें जमा नहीं कीं। आरोप है कि उसके बाद बैंक ने बैकडेट से उसे नोटिस देकर जेसीबी जब्त कर ली।

मुले का कहना है कि बार-बार बैंक जाकर शेष कर्ज जमा करने की तैयारी जताई लेकिन बैंक अधिकारी जेसीबी को बेच दिये जाने की बात कर रहे थे। जानकारी निकाली तो पता चला कि जेसीबी बैंक के यार्ड में रखी है। उसने मनसे के शहर अध्यक्ष चंदू लाडे को अपनी परेशानी बताई। यह भी संदेह जताया कि बैंक अधिकारी झूठी जानकारी देकर कुछ विक्रेताओं से मिलीभगत कर जेसीबी को बेचने का प्रयास कर रहे हैं। उसके बाद लाडे के नेतृत्व में मनसे कार्यकर्ताओं ने बैंक में धावा बोला।

पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त

मनसे के लगभग 40-50 कार्यकर्ता मोर्चा लेकर तीसरी मंजिल स्थित बैंक पहुंच गए। दोपहर करीब 12 बजे आंदोलन शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस का तगड़ा बंदोबस्त लगाया गया था। गुस्साएं कार्यकर्ताओं को देखते हुए बैंक प्रबंधन ने शटर पहले ही बंद कर रखा था। आंदोलनकारियों ने बैंक के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस के साथ भी शाब्दिक विवाद हुआ।

बैंक का एक कार्यालय बिल्डिंग के चौथे माले पर होने का पता चलते ही आंदोलनकारी ऊपर पहुंच गए। यहां एक लोन अधिकारी के साथ उनका विवाद हो गया जिसके चलते कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मारपीट की। पुलिस ने बीचबचाव कर अधिकारी को छुड़ाया। घटना से परिसर में तनाव की स्थिति बन गई थी। आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर ग्राहक को आवश्यक कार्यवाही कर जेसीबी वापस नहीं की गई तो तीव्र आंदोलन फिर किया जाएगा।

पुलिस में शिकायत, हुई गिरफ्तारी

बैंक प्रबंधन की ओर से मारपीट करने वाले आंदोलनकारियों के खिलाफ शिकायत की गई। सदर पुलिस ने धारा 135 के तहत मामला दर्ज कर आंदोलनकारियों को गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, पुलिस ने गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को सूचना पत्र (वार्निंग) देकर छोड़ दिया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com