

Maharashtra Medical Establishments Act: राज्य के मरीजों को उनके कानूनी अधिकार दिलाने और निजी अस्पतालों की मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए महाराष्ट्र सरकार चिकित्सा प्रतिष्ठान कानून लाने जा रही है। सरकार का लक्ष्य विधानसभा के शीतकालीन अधिवेशन में इस विधेयक को पेश कर पारित कराना है। इसके लागू होने पर आपातकालीन स्थिति में अस्पतालों को पैसों की मांग किए बिना मरीजों को तत्काल प्राथमिक उपचार देना अनिवार्य होगा।
प्रस्तावित कानून के तहत बिना पंजीकरण कोई भी अस्पताल, क्लीनिक या चिकित्सा केंद्र शुरू नहीं किया जा सकेगा। निजी स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता लाने, मरीजों की आर्थिक लूट रोकने और चिकित्सा सेवाओं का न्यूनतम स्तर सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री प्रकाश आबिटकर ने मानसून सत्र में यह विधेयक दोनों सदनों में पेश किया था।
कुछ प्रावधानों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच सहमति नहीं बन पाने के कारण इसे संयुक्त चिकित्सा समिति के पास भेज दिया गया था। मंत्री आबिटकर की अध्यक्षता वाली समिति ने विभिन्न सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम नागरिकों से सुझाव एवं आपत्तियां आमंत्रित की। राज्य के विभिन्न हिस्सों में बैठकें आयोजित कर संबंधित पक्षों की राय भी ली गई।
विधेयक के अनुसार अस्पतालों को उपचार, जांच और अन्य सेवाओं की दर सूची मराठी, हिंदी और अंग्रेजी में प्रदर्शित करनी होगी। इसे अस्पताल की वेबसाइट पर भी प्रकाशित करना अनिवार्य होगा। निर्धारित दरों से अधिक शुल्क वसूलने या मरीज को विस्तृत बिल नहीं देने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकेगी।
मरीजों को बीमारी के निदान, उपचार की योजना, अनुमानित खर्च, केस पेपर और उपचार का पूरा विवरण प्राप्त करने का अधिकार मिलेगा, इसके अलावा दूसरे विशेषज्ञ डॉक्टर की राय लेने का अधिकार भी सुनिश्चित किया जाएगा।
एलोपैथी, आयुर्वेद, होम्योपैथी, यूनानी, सिद्ध, योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों से जुड़े निजी, धर्मार्थ और स्वायत्त अस्पताल, नर्सिंग होम, क्लीनिक, डे-केयर सेंटर, डायग्नोस्टिक सेंटर तथा पैथोलॉजी लैब इसके दायरे में आएंगे। सेना, मनोरोग अस्पतालों तथा केंद्र और राज्य सरकार के अस्पतालों को इससे बाहर रखा गया है।
अस्पतालों के पंजीकरण के लिए प्रत्येक जिले में स्वतंत्र प्राधिकरण बनाया जाएगा। इसे अस्पतालों का पंजीकरण रद्द करने, निलंबित करने और आर्थिक दंड लगाने का अधिकार होगा, स्वास्थ्य व्यवस्था के नियमन के लिए राज्य चिकित्सा प्रतिष्ठान परिषद गठित करने का भी प्रावधान है।