

ठाणे जिले की 18 विधानसभा सीटों में 19,02,416 पात्र मतदाताओं ने अब तक गणना प्रपत्र जमा नहीं किए।
SIR से पहले जिले में 74,72,270 मतदाता दर्ज थे।
फॉर्म जमा करने के लिए 30 नवंबर तक का अतिरिक्त समय दिया गया है।
22 दिसंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
Thane Electoral Roll Revision 2026: महाराष्ट्र में आगामी चुनावों की तैयारियों और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR- Special Intensive Revision) अभियान के तहत ठाणे जिले से महत्वपूर्ण अपडेट हासिल हुई है। एसआईआर के पहले जिले की 18 विधानसभा में कुल मतदाताओं की संख्या 74 लाख 72 हजार 270 थी।
नई प्रारूप मतदाता सूची में मतदाताओं की संख्या 45 लाख 91 हजार 138 हुई और 11 नवंबर तक 1 लाख 30,729 मतदाता विभिन्न प्रपत्र के माध्यम से और जोड़े गए हैं। जबकि 19 लाख 2 हजार 416 पात्र मतदाताओं ने अब तक अपना गणना प्रपत्र (Enumeration Form) बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के पास जमा नहीं कराया है।
जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ श्रीकृष्ण पांचाल ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने ऐसे मतदाताओं को एक और अवसर देते हुए 30 नवंबर तक प्रपत्र जमा करने की समय सीमा निर्धारित की है।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ श्रीकृष्ण पांचाल के अनुसार एसआईआर की पारदर्शी प्रक्रिया में ठाणे जिले में देश में संभवतः सबसे ज्यादा 18,599 बीएलए विभिन्न दलों से शामिल हुए।
लाखों की संख्या में दुबार मतदाता, मृतक मतदाता के अलावा माइग्रेट हुए मतदाताओं या अपना वैध कागजात न जमा कर सकने वालों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं।
जिलाधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल ने पत्रकार परिषद में जानकारी देते हुए बताया कि BLO दोबारा ऐसे मतदाताओं के घर जाकर संपर्क करेंगे। उन्होंने पात्र मतदाताओं से निर्धारित समयसीमा में गणना प्रपत्र के साथ आवश्यक परिशिष्ट जमा करने की अपील की है।
SIR प्रक्रिया के दौरान जांच में जिले के 2,22,706 मतदाता मृत पाए गए, जबकि 7,35,144 मतदाताओं के स्थायी रूप से अन्य स्थानों पर स्थानांतरित होने की जानकारी सामने आई है। इस प्रक्रिया के तहत अब तक 47,21,877 मतदाताओं की प्रारूप सूची तैयार की गई है।
इसमें फॉर्म 6, 6 ए, फॉर्म 7 और 8 के तहत 1 लाख 30739 नए मतदाताओं को भी शामिल किया गया है। जबकि 25526 लोगों का फॉर्म विभिन्न कारणों से रद्द कर दिया गया है। बताया गया कि इनमें 41,033 मतदाता ऐसे हैं, जिन्होंने BLO को स्पष्ट रूप से प्रपत्र भरने से इनकार किया है।
जिलाधिकारी डॉ. पांचाल ने बताया कि चुनाव आयोग ने गणना प्रपत्र जमा नहीं करने वाले पात्र मतदाताओं को 30 नवंबर तक अतिरिक्त समय दिया है। इसके लिए मतदाताओं को अपनी स्थिति के अनुसार गणना प्रपत्र के साथ परिशिष्ट B अथवा परिशिष्ट C जमा करना होगा।
इसके तहत परिशिष्ट B: जिन मतदाताओं ने पहले एन्यूमरेशन फॉर्म (Enumeration Form) भरकर जमा नहीं किया है, उन्हें गणना प्रपत्र के साथ परिशिष्ट B प्रस्तुत करना होगा। परिशिष्ट C: जो मतदाता महाराष्ट्र के भीतर ही अपना निवास स्थान बदलने के कारण पहले गणना प्रपत्र जमा नहीं कर सके, उन्हें गणना प्रपत्र के साथ परिशिष्ट C जमा करना होगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि BLO ऐसे मतदाताओं के घर दोबारा जाकर उनसे संपर्क करेंगे। उन्होंने राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं और स्थानीय प्रतिनिधियों से भी इस अभियान में सहयोग करने की अपील की, ताकि पात्र मतदाता सूची में शामिल होने की प्रक्रिया पूरी कर सकें। 22 दिसंबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
यह भी चर्चा है कि ठाणे जिले में रहने वाले लाखों पात्र मतदाता अपने मूल प्रांतों की मतदाता सूची में अपना नाम बरकरार रखने के लिए फॉर्म नहीं भरा। महाराष्ट्र में SIR अभियान लागू होने से पहले दिल्ली, बिहार, असम, केरल, पुडुचेरी, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव हो चुके हैं।
वहीं वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश, गुजरात, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि क्या ठाणे जिले के लाखों पात्र मतदाताओं ने अपने मूल राज्यों की मतदाता सूची में नाम बनाए रखने को प्राथमिकता दी है?
30 नवंबर तक कितने पात्र मतदाता अपने गणना प्रपत्र जमा करते हैं, इसके बाद ही स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी।
जिला उप निर्वाचन अधिकारी वैशाली माने द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, ठाणे जिले में तैयार प्रारूप मतदाता सूची में पुरुष मतदाताओं की संख्या 23,50,795 और महिला मतदाताओं की संख्या 22,39,649 है।
इसके अलावा जिले में 694 अन्य श्रेणी के मतदाता, 1,006 अनिवासी भारतीय (NRI) मतदाता, 25,373 दिव्यांग मतदाता तथा 85 वर्ष से अधिक आयु के 19,347 वरिष्ठ नागरिक मतदाता पंजीकृत हैं। इस तरह जिले में मतदाताओं का औसत जेंडर रेशियो 953 है।
जिलाधिकारी डॉ. श्रीकृष्ण पांचाल ने पत्रकार वार्ता के माध्यम से जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे 30 नवंबर की समयसीमा का ध्यान रखते हुए अपना गणना प्रपत्र और आवश्यक परिशिष्ट BLO के पास जमा करें।
साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से भी इस प्रक्रिया में सहयोग करने का आग्रह किया गया है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया से वंचित न रहे। पत्रकार परिषद में उपजिलाधिकारी सर्जेराव म्हस्के पाटिल, निर्वाचन उपजिलाधिकारी वैशाली माने,जिला सूचना जनसंपर्क अधिकारी मनोज सानप सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।