Maharashtra Budget 2026: विदर्भ की चमकेगी किस्मत! गड़चिरोली में 2 लाख करोड़ का स्टील हब, नागपुर को क्या मिला?

Maharashtra Budget 2026: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र बजट 2026 पेश किया। विदर्भ के लिए गड़चिरोली में स्टील हब, रामटेक में फिल्म सिटी और नागपुर रिंग रोड जैसी बड़ी घोषणाएं की गई हैं।
Maharashtra Budget 2026 Announcements for Vidarbha New Nagpur Business and Financial Hub gadchiroli steel hub
महाराष्ट्र बजट 2026 में विदर्भ को क्या मिला (डिजाइन फोटो)
Published on
Updated on

Maharashtra Budget 2026 For Vidarbha: महाराष्ट्र के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ते हुए मुख्यमंत्री और वित्तमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज यानी 6 मार्च को राज्य का बजट 2026 पेश किया। यह पहली बार है जब मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालते हुए फडणवीस ने बजट पेश किया है। इस बजट में 'मिशन विदर्भ' पर विशेष जोर दिया गया है, जिसमें बुनियादी ढांचे से लेकर औद्योगिक क्रांति तक के रोडमैप को स्पष्ट किया गया है। आइए जानते हैं महाराष्ट्र की उपराजधानी नागपुर समेत विदर्भ को क्या मिला।

गड़चिरोली बनेगा देश का नया स्टील हब

बजट की सबसे बड़ी घोषणा गड़चिरोली जिले को लेकर रही। कभी नक्सल प्रभावित माना जाने वाला यह जिला अब विकास का नया केंद्र बनेगा। सरकार यहां लोह-खनिज पर आधारित एक विशाल स्टील हब स्थापित करने जा रही है।

  • निवेश: 2 लाख 62 हजार करोड़ रुपये।
  • रोजगार: लगभग 70 हजार स्थानीय युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार।
  • कनेक्टिविटी: खनिज संपदा के परिवहन के लिए सड़कों का जाल बिछाया जाएगा और गडचिरोली हवाई अड्डे के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होगी।

बजट में नागपुर को क्या मिला?

बजट में सीएम फडणवीस ने नागपुर की आर्थिक प्रगति को गति देने के लिए “न्यू नागपुर” के रूप में एक आधुनिक बिजनेस और फाइनेंशियल सेंटर विकसित करने की योजना का ऐलान किया। साथ ही शहर के विस्तार और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए नागपुर रिंग रोड परियोजना को भी मंजूरी दी जाएगी। राज्य सरकार का लक्ष्य परिवहन और लॉजिस्टिक्स को मजबूत करते हुए यात्रियों और माल ढुलाई के लिए सुगम नेटवर्क तैयार करना है। इसी दिशा में मेट्रो नेटवर्क को 1200 किलोमीटर तक और एक्सप्रेसवे नेटवर्क को 6000 किलोमीटर तक बढ़ाने की योजना बनाई गई है।

बढ़ेगी मेट्रो कनेक्टिविटी

मुंबई, पुणे और नागपुर जैसे प्रमुख शहरों में मेट्रो नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। इन तीनों शहरों में कुल मिलाकर लगभग 490 किलोमीटर लंबा मेट्रो नेटवर्क विकसित किया जा रहा है, जिसमें से करीब 173 किलोमीटर मेट्रो लाइनें पहले ही शुरू हो चुकी हैं। राज्य सरकार की योजना है कि आने वाले एक वर्ष के भीतर लगभग 50 किलोमीटर नई मेट्रो लाइनों का निर्माण शुरू किया जाए या उन्हें पूरा किया जाए। वहीं, वर्ष 2029 तक अतिरिक्त 165 किलोमीटर मेट्रो नेटवर्क तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है, जिससे शहरी परिवहन व्यवस्था और मजबूत हो सकेगी।

रामटेक में बनेगी फिल्म सिटी

उपराजधानी नागपुर के शहरी ढांचे को मजबूत करने के लिए नागपुर रिंग रोड को मंजूरी दी गई है। वहीं, सांस्कृतिक धरोहर को संजोने के लिए रामटेक में 'रामसृष्टि' और 'कालिदास सृष्टि' के रूप में तीसरी फिल्म सिटी का निर्माण किया जाएगा। इसका उद्देश्य महाकवि कालिदास के जीवन और कृतियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।

विमानन क्षेत्र में ऊंची उड़ान

बजट में हवाई कनेक्टिविटी पर विशेष ध्यान दिया गया है। अमरावती और यवतमाल हवाई अड्डों का विस्तार होगा। अमरावती, लातूर और बारामती में अब नाइट लैंडिंग की सुविधा मिलेगी। शक्तिपीठ महामार्ग: वर्धा के पवनार से सिंधुदुर्ग के पत्रादेवी तक बनने वाले इस महामार्ग को बजट में हरी झंडी दे दी गई है, जो विदर्भ को सीधे कोंकण से जोड़ेगा।

हर जिले में सूक्ष्म और लघु उद्योग केंद्र स्थापित होंगे

महाराष्ट्र के हर जिले में सूक्ष्म और लघु उद्योग केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिससे प्रदेश भर में 50 लाख प्रत्यक्ष रोजगार सृजित करने का लक्ष्य है। साथ ही, पर्यावरण संतुलन के लिए 300 करोड़ वृक्षारोपण की मुहिम और प्रधानमंत्री सौर योजना के तहत 'रूफ टॉप सोलर' को बढ़ावा दिया जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com